महाराष्ट्र

Mumbai: पेपर लीक कानून पर भाजपा का पलटवार, संजय राऊत निशाने पर

Admindelhi1
28 July 2026 1:40 PM IST
Mumbai: पेपर लीक कानून पर भाजपा का पलटवार, संजय राऊत निशाने पर
x
पेपर लीक विरोधी कानून पर भाजपा और संजय राऊत आमने-सामने

मुंबई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने सोमवार को शिवसेना यूबीटी के प्रवक्ता संजय राऊत पर युवाओं को भडक़ाने के लिए केंद्र सरकार के पेपर लीक विरोधी कानून का विरोध करने का आरोप लगाया।

नवनाथ बन ने आज मुंबई में पत्रकारों से कहा कि जब मोदी सरकार ने पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाने की पहल की, तब संजय राऊत ने उसके औचित्य पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश में अराजकता फैलाना चाहता है और युवाओं को उकसाने का प्रयास कर रहा है। उनका दावा था कि इस कानून का युवा वर्ग और जेन-जी स्वागत करेगा तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ पूरा देश खड़ा है।

उन्होंने संजय राऊत पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे स्वयं को लोगों के मन की बात जानने वाला बताते हैं, लेकिन जनता ने देवेंद्र फडणवीस पर भरोसा जताते हुए उन्हें तीन बार मुख्यमंत्री बनाया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता का आशीर्वाद फडणवीस के साथ है और राऊत को आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व के मुद्दे पर रुख बदलने के कारण संजय राऊत लगातार अलग-अलग राजनीतिक भूमिकाएं निभा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र और देश की जनता इस राजनीति को समझ चुकी है और भविष्य में उन्हें इसका जवाब देगी।

Next Story