- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Mumbai: मुंबई में...
Mumbai: मुंबई में नशा-मुक्ति अभियान की शुरुआत, राज्यपाल ने ब्रह्माकुमारीज की पहल को सराहा

मुंबई: महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने गुरुवार को एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय के पाटकर हॉल में ब्रह्माकुमारीज़ के देशव्यापी नशा-विरोधी जागरूकता अभियान ‘10 करोड़ नशा-मुक्ति प्रतिज्ञा महा-अभियान’ का उद्घाटन किया।
लोकभवन के प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल ने विभिन्न कॉलेजों से आए सैकड़ों छात्रों को नशा-मुक्ति की शपथ दिलाई और ‘नशा-मुक्ति अभियान वैन’ को हरी झंडी दिखाकर मुंबई में अभियान की औपचारिक शुरुआत की। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
आयोजकों ने कहा कि पहल का उद्देश्य खासकर युवाओं को नशे के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई के लिए एकजुट करना और स्वस्थ एवं नशा-मुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर आसपास के क्षेत्रों के ब्रह्माकुमारीज़ केंद्रों के प्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में छात्र भी उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, राजयोगिनी संतोष दीदी, ब्रह्माकुमारीज़ के संयुक्त प्रशासनिक प्रमुख बी.के. बनारसी लाल, मेडिकल विंग के प्रमुख, राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे, एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. उज्ज्वला चक्रदेव और एचएसएनसी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. हेमलता बागला मौजूद थीं।





