महाराष्ट्र

Mumbai: नायगांव में बुधवार को 864 बीडीडी चॉल परिवारों को घर सौंपा जाएगा

Admindelhi1
11 Nov 2025 12:38 PM IST
Mumbai: नायगांव में बुधवार को 864 बीडीडी चॉल परिवारों को घर सौंपा जाएगा
x

मुंबई: दक्षिण मुंबई के नायगांव स्थित बीडीडी चॉल पुनर्विकास के पहले चरण में म्हाडा ने पांच इमारतों का काम पूरा कर लिया है। इन इमारतों में 864 फ्लैट हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बुधवार 12 नवंबर को इन घरों की चाबियां रहिवासियों को सौपेंगे।

म्हाडा ने इन घरों का कब्जा दिवाली तक देने की योजना बनाई थी। लेकिन निवास प्रमाण पत्र न होने और मुख्यमंत्री फडवीस का समय न मिलने के कारण घरों की चाबियां सौंपने का समय तय नहीं हो सका था। अब मुख्यमंत्री फडणवीस का समय मिल गया है। एक कार्यक्रम में बुधवार को लोगों को घरों की चाबियां सौंपी जाएगी। म्हाडा की ओर से वर्ली, एमएम जोशी मार्ग और नायगांव बीडीडी चॉल का पुनर्विकास किया जा रहा है। एनएम जोशी मार्ग स्थित बीडीडी चॉल पुनर्विकास के पहले चरण की 3 इमारतों का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। बीडीडी चॉल के 557 निवासियों को अगले साल फरवरी महीने के आखिर तक घरों का कब्जा मिल सकता है। बीडीडी चॉल के रहवासियों को 500 वर्ग फुट का फ्लैट मिलेगा।

वर्ली में 556 बीडीडी निवासियों का 500 वर्ग फुट के घर का सपना पूरा हो गया है। एनएम जोशी बीडीडी चॉल के रहिवासियों को फरवरी तक इंतजार करना पड़ेगा। एनएम जोशी मार्ग बीडीडी चॉल के पुनर्विकास के पहले चरण में 1260 फ्लैट का काम किया जा रहा है। इसमें से 557 घरों का कार्य अंतिम चरण में है। यह कार्य पूरा होने के बाद, निवास प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद फरवरी के अंत तक इन घरों का कब्जा दे दिया जाएगा।

राज्य सरकार ने म्हाडा को इस परियोजना को गति देकर निवासियों को शीघ्र उनके घरों का कब्जा देने का आदेश दिया है। एनएम जोशी मार्ग बीडीडी कॉलोनी 11 एकड़ में फैली हुई है। इसमें 32 चॉल हैं और प्रत्येक चॉल में 2560 घर हैं। पुनर्विकास योजना के तहत 2560 निवासियों का पुनर्वास किया जाएगा। पहले चरण में 16 इमारतों पर काम चल रहा है और 3 इमारतों का निर्माण अंतिम चरण में है। म्हाडा अधिकारियों के अनुसार शेष 700 घरों का कब्जा सितंबर 2026 में दिया जाएगा।

बीडीडी चॉल पुनर्विकास समिति के अध्यक्ष कृष्णकांत नलगे के अनुसार हम कई महीनों से वाहन पार्क करने की जगह की मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार और म्हाडा इस मांग को अनदेखा कर रही है। हमें इमारतों के निर्माण में कुछ त्रुटियां भी दिखाई दे रही हैं। म्हाडा को पार्किंग स्थल सहित निर्माण में त्रुटियों को दूर करना चाहिए।

Next Story