महाराष्ट्र

मुंबई में दही हांडी में 150 से ज्यादा गोविंदा घायल

Rani Sahu
20 Aug 2022 7:17 AM GMT
मुंबई में दही हांडी में 150 से ज्यादा गोविंदा घायल
x
मुंबई (Mumbai) से आ रही बड़ी खबर के अनुसार, यहां बीते शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी(Janmashtami) पर दही हांडी (Dahi Handi) समारोह के दौरान अलग-अलग जगहों पर हुए कई हादसों में 150 से अधिक गोविंदा घायल हो गए हैं
नई दिल्ली/मुंबई. मुंबई (Mumbai) से आ रही बड़ी खबर के अनुसार, यहां बीते शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी(Janmashtami) पर दही हांडी (Dahi Handi) समारोह के दौरान अलग-अलग जगहों पर हुए कई हादसों में 150 से अधिक गोविंदा घायल हो गए हैं। मामले पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से अधिकतर को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, हालाँकि 23 को अभी अस्पताल में भर्ती किया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
वहीं महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने सरकारी अस्पतालों को गोविंदा मंडली के घायल सदस्यों का मुफ्त इलाज करने का जरुरी निर्देश जारी किया है। ख़बरों के मुताबिक, घायलों में से 33 का इलाज केईएम अस्पताल, 12 का जीटी अस्पताल, 10 का राजावाड़ी अस्पताल और 11 का नायर अस्पताल में इलाज किया गया है।
मानव पिरामिड बनाते समय हुई घटना
बता दें कि बीते शुक्रवार शाम को मुंबई में जन्माष्टमी के अवसर पर दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसी दौरान मानव पिरामिड बनाते वक्त यह हादसे हुए हैं ।इस दौरान मानव पिरामिड टूटते ही सारे गोविंदा नीचे गिर गए। इससे इनमें शामिल कई युवकों को काफी चोटें आई। वहीं सबको आनन फानन में आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया है।
सम्पूर्ण महाराष्ट्र में होता है दही हांडी का आयोजन
दरअसल इस ख़ास उत्सव के दौरान दही से भरी मटकी को ऊंचाई पर लटकाया जाता है और फिर मानव पिरामिड बनाकर गोविंदा उसे तोड़ते हैं। वहीं जन्माष्टमी के मौके पर पूरे महाराष्ट्र में इस खेल का आयोजन किया जाता है। खेल के दौरान प्रतिभागियों के गिरने और घायल होने की घटनाएं आम बात मानी जाती हैं।
गोविंदा मंडलियों को मिलता राजनीतिक संरक्षण भी मुंबई में
गौरतलब है कि मुंबई और ठाणे जैसे शहरों में दही हांडी कार्यक्रमों और गोविंदा मंडलियों को बाकायदा काफी राजनीतिक संरक्षणदिया जाता है। वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीते गुरुवार को विधानसभा में घोषणा की थी कि उनकी सरकार ने लोकप्रिय उत्सव दही हांडी को अब साहसिक खेल का दर्जा देने का भी अहम फैसला लिया है।
Rani Sahu

Rani Sahu

    Next Story