- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- MBBS इंटर्न्स को बड़ी...
MBBS इंटर्न्स को बड़ी राहत, स्टाइपेंड होगा 25 हजार रुपये

मुंबई: महाराष्ट्र के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में काम करने वाले एमबीबीएस इंटर्न के लिए जल्द खुशी का तोहफा मिल सकता है। उनके मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने पर सहमति बन गई है। एसोसिएशन ऑफ स्टेट मेडिकल इंटर्न्स (एएसएमआई) ने दावा किया है कि लगातार प्रयासों के बाद इंटर्न्स का स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग मान ली गई है।
एएसएमआई के अनुसार गुरुवार को इस संबंध राज्य के मेडिकल शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ, प्रधान सचिव, उप प्रधान सचिव, चिकित्सा शिक्षा व अनुसंधान आयुक्त (डीएमईआर), डीएमईआर के निदेशक और एएसएमआई के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इस बैठक में इंटर्न्स के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर सहमति बनी है। हालांकि इस फैसले को लागू करने के लिए अभी सरकारी आदेश (जीआर) जारी होना बाकी है। अभी जरूरी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जानी है। इसमें करीब एक से डेढ़ महीने का समय लग सकता है। इंटर्नशिप के दौरान मेडिकल छात्रों को अस्पतालों में नियमित सेवाएं देनी पड़ती हैं। ऐसे में स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी।





