महाराष्ट्र

वोट मांगने मुंबई पहुंचे मल्लिकार्जुन खड़गे

Rani Sahu
7 Oct 2022 3:53 PM GMT
वोट मांगने मुंबई पहुंचे मल्लिकार्जुन खड़गे
x
मुंबई। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के प्रत्याशी और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) शुक्रवार को अपने चुनाव प्रचार के सिलसिले में मुंबई पहुंचे। यहां उन्होंने महाराष्ट्र के प्रदेश प्रतिनिधियों (पीसीसी डेलिगेट) से मुलाकात कर उनका समर्थन मांगा। कांग्रेस अध्यक्ष पद के दूसरे प्रत्याशी शशि थरूर (Shashi Tharoor) रविवार को मुंबई आएंगे। 22 साल बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव हो रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में खड़गे ने कहा कि वे कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के सिलसिले में यहां आए हैं। मैं महाराष्ट्र के डिलिगेट के आमंत्रण पर आया हूं। कई सीनियर नेताओं ने जब अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से मना कर दिया और सोनिया गांधी ने कहा कि उनके घर का कोई भी व्यक्ति कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेगा। आप सभी मिलकर जिसे भी अध्यक्ष चुनेंगे, वहीं अध्यक्ष बनेगा।इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मुझे चुनाव लड़ने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि पार्टी को एकजुट रखने के लिए सभी की आवश्यकता है। देश में बीजेपी की सरकार संविधान के खिलाफ काम कर रही है। स्वायत्त संस्थाओं को निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस की 6 राज्यों में सरकार थी, लेकिन एक-एक कर हमारे विधायकों, सांसदों को उन्होंने अपने पाले में ले लिया। खड़गे ने कहा कि हम और आप मिलकर काम करेंगे तो विचारधारा और लोकतंत्र को बचाने में कामयाब होंगे।
खड़गे ने कहा कि देश में 5 करोड़ 50 लाख लोग फिर से गरीबी की रेखा में आ गए हैं। देश का गरीब, गरीब हो रहा है और अमीर, अमीर हो रहा है। संपत्ति चंद लोगों के पास जा रही है। यह देश के लिए खतरा है। खड़गे ने कहा कि मैं सभी को साथ लेकर चलूंगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह घर का चुनाव है। हम घर जोड़ने निकले हैं।
560 डेलिगेट डालेंगे वोट
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में इस बार गांधी परिवार का कोई सदस्य मैदान में नहीं है। आगामी 17 अक्टूबर को होने वाले मतदान में महाराष्ट्र से 560 प्रदेश प्रतिनिधि (पीसीसी डेलिगेट) अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। खड़गे इसके पहले महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रभारी भी रह चुके हैं। उनके राज्य के कांग्रेस नेताओं से अच्छे संबंध हैं। इस लिए थरुर के मुकाबले खड़गे का महाराष्ट्र में पलड़ा भारी रहेगा। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में खड़गे से मिलने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस के एक पदाधिकारी कहते हैं कि थरूर छुट्टी के दिन रविवार को मुंबई आ रहे हैं इस लिए बहुत कम पीसीसी डेलिगेट उनसे मिल सकेंगे।
तब बैरंग लौट गए थे जीतेंद्र प्रसाद
22 साल पहले भी कांग्रेस अध्यक्ष चुनने के लिए मतदान की नौबत आई थी और तब भी इस पद के लिए चुनाव के लिए दो उम्मीदवार मैदान में थे पर तब और अब में बड़ा फर्क यह है कि तब कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के उम्मीदवारों में सोनिया गांधी शामिल थी, जबकि उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता जीतेंद्र प्रसाद उनके मुकाबले चुनाव मैदान में उतरे थे। वर्ष 2000 में जब सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे जीतेंद्र प्रसाद कांग्रेस के पीसीसी डेलिगेट्स से वोट मांगने दादर स्थित प्रदेश कांग्रेस तिलक भवन पहुंचे तो प्रदेश कांग्रेस का एक कमरा छोड़ कर सभी पर ताले लटके हुए थे। पूरे कार्यालय में जीतेंद्र प्रसाद का स्वागत करने के लिए कोई नेता-कार्यकर्ता मौजूद नहीं था। उस वक्त जीतेंद्र प्रसाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर लटके ताले को प्रणाम कर बैरंग वापस लौट गए थे।
Next Story