- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई में कॉफी हाउस पर...
महाराष्ट्र
मुंबई में कॉफी हाउस पर बड़ा एक्शन खाद्य सुरक्षा विभाग ने रोका लाइसेंस
nidhi
18 Sept 2026 7:32 AM IST

x
फूड स्टोरेज में मिला यूरिनल कोलाबा के कैफे पर गिरी गाज
मुंबई : कोलाबा स्थित 108 साल पुराने मशहूर ओलंपिया कॉफी हाउस पर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन मिलने के बाद प्रतिष्ठान का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। FDA की जांच में फूड स्टोरेज एरिया में यूरिनल मिलने समेत कई स्वच्छता संबंधी कमियां सामने आईं।
FDA के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई एक उपभोक्ता शिकायत के बाद की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को खाद्य भंडारण क्षेत्र में यूरिनल, रसोई और बर्तन धोने की जगह पर गंदगी, कॉकरोच और मक्खियों की मौजूदगी जैसी खामियां मिलीं। इसके अलावा फ्रिज में मांस और खून के अवशेष पाए जाने की बात भी सामने आई।
खाने की सुरक्षा को लेकर मिलीं कई खामियां
जांच में यह भी पाया गया कि कुछ खाद्य सामग्री को सीधे फर्श पर रखा जा रहा था। कच्चे शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने के नियमों का पालन नहीं किया गया था। अधिकारियों ने खराब लकड़ी के कटिंग बोर्ड और अस्वच्छ पानी के इस्तेमाल को भी गंभीर लापरवाही माना। FDA के अनुसार, प्रतिष्ठान में काम करने वाले 35 फूड हैंडलर्स में से 34 ने अनिवार्य फूड सेफ्टी ट्रेनिंग पूरी नहीं की थी। इसके अलावा पानी जांच रिपोर्ट और सैनिटेशन रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
लाइसेंस सस्पेंड होने के बाद क्या होगा?
FDA ने खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करते हुए ओलंपिया कॉफी हाउस को खाने की खरीद, तैयारी, स्टोरेज, बिक्री और वितरण से रोक दिया है। अब प्रतिष्ठान को सभी कमियों को दूर करना होगा और दोबारा निरीक्षण में मानकों पर खरा उतरने के बाद ही लाइसेंस बहाल हो सकेगा।
मुंबई में FDA का बड़ा अभियान
महाराष्ट्र FDA इन दिनों खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष अभियान चला रहा है। इसी अभियान के तहत मुंबई समेत राज्य के कई होटल, रेस्तरां और खाद्य दुकानों की जांच की जा रही है। ओलंपिया कॉफी हाउस के अलावा मुंबई के कुछ अन्य प्रतिष्ठानों पर भी खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई है। ओलंपिया कॉफी हाउस मुंबई के पुराने और प्रसिद्ध खाने-पीने के स्थानों में शामिल रहा है। लेकिन FDA की इस कार्रवाई के बाद शहर के बड़े रेस्तरां और कैफे में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
Next Story





