महाराष्ट्र

वसई में बड़ा हादसा टला, स्कूली बच्चे पर गिरा बिजली का खंभा, CCTV में कैद

SHIDDHANT
23 Aug 2025 11:09 PM IST
वसई में बड़ा हादसा टला, स्कूली बच्चे पर गिरा बिजली का खंभा, CCTV में कैद
x

Vasai वसई:(मुंबई के पास) में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आनंद नगर इलाके में सड़क किनारे खड़ा एक स्कूली बच्चा लोहे के बिजली के खंभे की चपेट में आ गया। हादसे का समय सुबह करीब 11:30 बजे का बताया जा रहा है। गनीमत रही कि बच्चा इस गंभीर हादसे में बाल-बाल बच गया। घटना का पूरा दृश्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बच्चा स्कूल बैग के साथ सड़क किनारे खड़ा था। अचानक खंभा झुकने लगा और कुछ ही सेकंड में सीधे बच्चे के ऊपर गिर पड़ा। वहां मौजूद लोग खतरा भांपकर तुरंत हट गए, लेकिन बच्चा स्थिति को समझ नहीं पाया। खंभा गिरते ही वह जमीन पर गिर गया और लोग दौड़कर उसकी ओर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पोल गिरते ही आसपास अफरातफरी मच गई थी। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बच्चे को तुरंत बाहर निकाला और उसे पास के अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गनीमत रही कि यह हादसा जानलेवा साबित नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में कई जगह पुराने और जंग लगे बिजली के खंभे लगे हुए हैं, जिनके गिरने का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि खतरनाक खंभों को तुरंत बदला जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। नगरपालिका अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और गिरे हुए पोल को हटाया गया। साथ ही इलाके के अन्य खंभों की भी जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद कमजोर पोल को बदलने की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते बिजली विभाग और नगर प्रशासन कार्रवाई नहीं करता तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि हादसे के सीसीटीवी फुटेज से साफ है कि बच्चे की जान किस्मत से बची है। यह घटना एक बार फिर से शहरों में रखरखाव की कमी और लापरवाही की ओर इशारा करती है। लोगों का कहना है कि बारिश और हवा के दौरान ऐसे खंभों के गिरने का खतरा और भी ज्यादा रहता है। उन्होंने प्रशासन से तुरंत ठोस कदम उठाने की अपील की है।

Next Story