महाराष्ट्र

महाराष्ट्र: जीएसटी रिफॉर्म का लोगों ने किया स्वागत, मिलेगा बचत का फायदा

SHIDDHANT
21 Sept 2025 10:50 PM IST
महाराष्ट्र: जीएसटी रिफॉर्म का लोगों ने किया स्वागत, मिलेगा बचत का फायदा
x
Ratnagiri रत्नागिरी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लेकर महाराष्ट्र के लोगों में उत्साह देखने को मिला। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में देशवासियों से बचत उत्सव मनाने और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की। रत्नागिरी जिले के खेड निवासी सचिन करवा ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बजट में 12 लाख तक की आयकर छूट देने और अब मोदी सरकार के जीएसटी-2 रिफॉर्म लागू करने के फैसले का तहे दिल से स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस रिफॉर्म से रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भारी कमी आएगी, जिससे आम आदमी को बड़ी राहत मिलेगी। इसे 'बचत उत्सव' भी कहा जा रहा है। जीएसटी में जो शुरुआती कठिनाइयां सामने आती थीं, वो अब पूरी तरह समाप्त हो जाएंगी और व्यापार के अवसर भी बढ़ेंगे।

सचिन करवा ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए नारे 'गर्व से कहो मैं स्वदेशी खरीदता हूं' का समर्थन करते हुए कहा कि हर भारतीय को इस पर अमल करना चाहिए। उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि कीमतों में हुई कटौती का लाभ गरीब से गरीब ग्राहक तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। अंत में उन्होंने कहा कि हम सब भारतीय बचत उत्सव में शपथ लेते हैं, "मैं स्वदेशी खरीदूंगा और देशी ही बेचूंगा।

इसके अलावा, महाराष्ट्र में कल्याण के स्‍थानीय निवासियों ने जीएसटी दरों में बदलाव पर पीएम मोदी का आभार जताया। स्‍थानीय निवासी ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि 22 सितंबर से लागू नए जीएसटी नियमों के तहत कई आवश्यक वस्तुओं और घरेलू सामानों पर टैक्स दरें घटा दी गई हैं। अब दूध से बने उत्पाद जैसे चीज, बटर, दही पर 12 प्रतिशत की जगह 5 प्रतिशत जीएसटी लगेगा। वहीं, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और कुछ इलेक्ट्रॉनिक सामानों पर टैक्स कम किया गया है। इससे आम लोगों की जेब पर बोझ हल्का होगा।

एक युवती ने बताया कि पीएम मोदी ने आज तक जनता के हित में फैसला लिया है। जीएसटी दरों में सुधार होने से आम लोगों को फायदा पहुंचेगा। इससे आर्थिक रूप से लोग मजबूत होंगे। एक अन्‍य व्‍यक्ति ने कहा कि जीएसटी की दरों में कमी होने से महंगाई कम होगी। इससे लोगों में खुशी का माहौल है।
Next Story