- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- महाराष्ट्र निकाय चुनाव...
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र निकाय चुनाव : 24 जगहों पर अब 20 दिसंबर को वोटिंग
SHIDDHANT
1 Dec 2025 10:58 PM IST

x
Mumbai मुंबई। महाराष्ट्र में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के कार्यक्रम में बड़ा फेरबदल हुआ है। कुछ उम्मीदवारों के नामांकन रद्द होने के खिलाफ कोर्ट में चल रही अपीलों की वजह से 24 नगर परिषदों-नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद और कुल 154 सदस्य पदों का चुनाव अब 20 दिसंबर को होगा। बाकी सभी जगहों पर पहले तय कार्यक्रम के मुताबिक 2 दिसंबर को ही मतदान होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने 4 नवंबर को 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों के लिए चुनाव की घोषणा की थी। लेकिन, जिन सीटों पर उम्मीदवारों ने जिला अदालत में अपील की थी और फैसला 23 नवंबर या उसके बाद आया, वहां चुनाव टालना पड़ा।
कानून के अनुसार अगर अध्यक्ष पद पर अपील थी तो पूरे निकाय (अध्यक्ष सहित सभी सदस्य) का चुनाव एक साथ होगा, और अगर सिर्फ सदस्य पद पर अपील थी, तो सिर्फ उसी वार्ड का चुनाव बाद में कराया जाएगा। नई तारीखों वाला संशोधित कार्यक्रम सिर्फ इन्हीं प्रभावित सीटों के लिए है। इसके तहत नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 10 दिसंबर दोपहर 3 बजे तक रखी गई है। उम्मीदवारों की अंतिम सूची और चुनाव चिन्ह 11 दिसंबर को जारी होंगे। मतदान 20 दिसंबर को सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगा और मतगणना अगले दिन 21 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
जिन 24 नगर निकायों में अध्यक्ष पद सहित पूरा चुनाव 20 दिसंबर को होगा, उनमें ठाणे जिले की अंबरनाथ, अहमदनगर जिले की कोपरगांव, देवळाली प्रवरा, पाथर्डी और नेवासा, पुणे जिले की बारामती और फुरसुंगी-उरूळी देवाची, सोलापुर की अनगर और मंगळवेढा, सातारा की महाबळेश्वर और फलटण, छत्रपती संभाजीनगर की फुलंब्री, नांदेड़ की मुखेड और धर्माबाद, लातूर की निलंगा और रेणापूर, हिंगोली की बसमत, अमरावती की अंजनगांव सुर्जी, अकोला की बाळापूर, यवतमाळ की यवतमाळ, वाशिम की वाशिम, बुलढाणा की देऊळगांव राजा, वर्धा की देवळी और चंद्रपुर की घुग्घूस शामिल हैं।
इनके अलावा 76 नगर निकायों के 154 सदस्य पदों पर भी मतदान 20 दिसंबर को ही होगा। इनमें सबसे ज्यादा सीटें बदलापुर और तळेगांव दाभाड़े की छह-छह, परळी की पांच, सिन्नर, खामगाव और अंबेजोगाई की चार-चार हैं। भुसावळ, पैठण, उदगीर, कामठी और हिंगणघाट जैसी जगहों पर भी तीन-तीन और चार-चार वार्डों का चुनाव टला है। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिला कलेक्टरों को नया कार्यक्रम तुरंत लागू करने के निर्देश दे दिए हैं। जिन इलाकों में 2 दिसंबर को वोटिंग होनी है, वहां कोई बदलाव नहीं हुआ है। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र की सही तारीख जरूर जांच लें ताकि उनका वोट न छूटे।
Tagsमहाराष्ट्र चुनावनगर परिषदनगर पंचायतअध्यक्ष पदसदस्य पदनिर्वाचन आयोगचुनाव स्थगित20 दिसंबर मतदाननामांकनमतगणनाजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारहिंन्दी समाचारजनताJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperjantasamachar newssamacharHindi news
Next Story





