- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- कुर्ला बारिश हादसा: एक...

महाराष्ट्र: पिछले 48 घंटों से जारी मूसलधार बारिश ने मुंबई, पुणे और ठाणे समेत कई शहरों में भारी तबाही मचा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति को देखते हुए राज्य में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है और लोगों को केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
मुंबई में बारिश के दौरान कुर्ला इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एक दुकान पर विशाल पेड़ गिर गया। इस घटना में दुकान के पास मौजूद 63 वर्षीय बुजुर्ग की मलबे में दबकर मौत हो गई। शहर में पिछले 24 घंटों में 200 मिलीमीटर से अधिक और कुछ क्षेत्रों में 300 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। इसी दौरान एक और घटना में पश्चिमी उपनगर में उद्योगपति मुकेश अंबानी के सुरक्षा काफिले के सामने पेड़ गिर गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। हालांकि इस घटना में कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ।
पुणे में कात्रज के जंभुलवाडी मार्ग पर एक आवासीय सोसायटी की सुरक्षा दीवार अचानक गिर गई, जिससे वहां खड़े 14 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। ठाणे और नवी मुंबई में भी बारिश के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। ठाणे में 93 से अधिक जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। वहीं, वागले एस्टेट स्थित 45 साल पुरानी ‘तिवारी भवन’ इमारत का हिस्सा ढह गया, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
नवी मुंबई में भी एक आवासीय इमारत की बालकनी का स्लैब गिरने की घटना सामने आई, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरी बिल्डिंग को खाली करा दिया और उसे सील कर दिया। लगातार बारिश के कारण कल्याण, भिवंडी, डोंबिवली और नवी मुंबई के कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन ने राहत शिविरों की व्यवस्था की है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक स्थिति गंभीर बनी रह सकती है और लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।





