महाराष्ट्र

Karauli: तेज रफ्तार का कहर, ट्रक ओवरटेक करते समय बाइक सवार तीन युवकों की मौत

Admindelhi1
23 July 2026 1:52 PM IST
Karauli: तेज रफ्तार का कहर, ट्रक ओवरटेक करते समय बाइक सवार तीन युवकों की मौत
x
करौली में भीषण सड़क हादसा, तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

करौली: जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर बुधवार रात मैगजीन के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। दुर्घटना उस समय हुई, जब बाइक सवार ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक गाय आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई।

पुलिस के अनुसार हादसे में भीमनगर निवासी आशीष पुत्र विष्णु और धौलपुर के पुरानी छावनी स्थित डगरिया मोहल्ला निवासी पवन पुत्र चंद्रप्रकाश को जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं भीमनगर के पांडे का कुआं निवासी हर्ष पुत्र राजू ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश मीणा ने बताया कि ट्रक को ओवरटेक करते समय अचानक सड़क पर गाय आने से बाइक चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि तीनों युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में शोक का माहौल रहा। पुलिस ने तीनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

मृतक पवन के भाई पारस ने बताया कि पवन फूड डिलीवरी का कार्य करता था, जबकि हर्ष एक होटल में नौकरी करता था और आशीष दुकान पर कार्यरत था। तीनों मूल रूप से धौलपुर के पुरानी छावनी क्षेत्र के निवासी थे तथा लंबे समय से करौली के भीमनगर क्षेत्र में रह रहे थे।

Next Story