महाराष्ट्र

कल्याण-तलोजा मेट्रो को मिलेगी गति, नवी मुंबई से जोड़ने की योजना

Rani Sahu
19 Aug 2022 7:47 AM GMT
कल्याण-तलोजा मेट्रो को मिलेगी गति, नवी मुंबई से जोड़ने की योजना
x
कल्याण-तलोजा मेट्रो को मिलेगी गति
मुंबई: एमएमआर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को गति दिए जाने का निर्णय लिया गया है। कल्याण (Kalyan) से तलोजा (Taloja) के लिए प्रस्तावित बहुउद्देशीय मेट्रो-12 निर्माण में तेजी लाने के लिए स्थानीय सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे (MP Dr. Shrikant Shinde) की मांग पर सीएम एकनाथ शिंदे ने एमएमआरडीए (MMRDA) को निर्देश दिया है।
उल्लेखनीय है कि मुंबई के बाहर ठाणे जिले में ठाणे-भिवंडी और कल्याण के बीच मेट्रो का काम चल रहा है। इसी मेट्रो लाइन को तलोजा और नवी मुंबई से जोड़ने की योजना बनी है।
ग्रामीण-शहरी दोनों को फायदा
कल्याण के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे के अनुसार, मेट्रो-12 के निर्माण का फायदा ग्रामीण क्षेत्र के साथ शहरी इलाके की लोगों को होगा। यह मेट्रो लाइन कल्याण पश्चिम से डोंबिवली, कल्याण ग्रामीण और तलोजा को जुड़ेगी। इसका फायदा नवी मुंबई के यात्रियों को भी होगा। सांसद डॉ. शिंदे ने मुख्यमंत्री से मिलकर इस बहुउपयोगी मेट्रो का काम जल्द शुरू करवाने की मांग की। गौरतलब है कि हाल ही में इस प्रोजेक्ट के लिए सलाहकार समिति की नियुक्ति को मंजूरी दी गई है। बताया गया कि सीएम एकनाथ शिंदे ने मेट्रो-12 के प्रस्तावित काम को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है।
20.75 किमी का रूट
मेट्रो-12 के लिए कुल 20.75 किलोमीटर का रूट तैयार किया गया है। कल्याण पश्चिम स्थित कृषि उपज मंडी समिति के पास इसका पहला स्टेशन और तलोजा में अंतिम स्टेशन होगा। इस रूट पर कुल 17 स्टेशन बनाने की योजना है। यह मेट्रो लाइन कल्याण के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न गांवों,डोंबिवली के मानपाड़ा से होकर गुजरेगी। इस मेट्रो के माध्यम से कल्याण सीधे नवी मुंबई से जुड़ जाएगा। तलोजा का इलाका इंडस्ट्रियल होने के कारण बड़ी संख्या में आवाजाही होती है। डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि कल्याण-तलोजा मेट्रो ट्रेन शुरू होने पर एमएमआर का तेजी से विकास होगा। तलोजा एमआईडीसी रोड से एनएच 4 (पुराना) के बीच प्रस्तावित रोड के निर्माण को भी एमएमआरडीए ने मंजूरी दी है।
Rani Sahu

Rani Sahu

    Next Story