महाराष्ट्र

खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, 31 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड

nidhi
2 Oct 2026 9:19 AM IST
खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, 31 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड
x
महाराष्ट्र में FDA की कार्रवाई जारी
मुंबई: महाराष्ट्र में त्योहारी सीजन के बीच खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की कार्रवाई लगातार जारी है। विभाग ने 28 से 30 सितंबर के बीच राज्यभर में होटल, रेस्तरां, ढाबों, क्लबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन मिलने पर कुल 31 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
FDA के अनुसार कार्रवाई में मुंबई डिवीजन के 12, कोंकण डिवीजन के 12, पुणे डिवीजन के 6 और छत्रपति संभाजीनगर डिवीजन का एक प्रतिष्ठान शामिल है। जांच के दौरान कई जगहों पर साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आईं।
निरीक्षण में कुछ प्रतिष्ठानों में कीड़ों का संक्रमण पाया गया, जबकि कई जगह खाद्य पदार्थों को तय मानकों के अनुसार स्टोर नहीं किया गया था। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड और जरूरी खाद्य सुरक्षा दस्तावेज भी कुछ प्रतिष्ठानों में उपलब्ध नहीं मिले। इन अनियमितताओं के आधार पर FDA ने लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की। राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई हुई। तीन दिन के अभियान के दौरान करीब 3,902 किलोग्राम मिलावटी खाद्य पदार्थ और 617 लीटर संदिग्ध दूध जब्त किया गया। इसके अलावा करीब 16.22 लाख रुपये मूल्य के विभिन्न खाद्य उत्पाद भी जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान पनीर, मिठाई, तूप, खवा और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की गई। कुछ मामलों में नकली ब्रांडिंग और मिलावट की आशंका भी सामने आई। FDA ने नमूने जांच के लिए भेजे हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गुटखा और पान मसाला के खिलाफ भी विभाग ने अभियान चलाया। इस दौरान करीब 67.67 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। इस कार्रवाई में 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 14 एफआईआर दर्ज की गईं।
FDA का कहना है कि त्योहारी सीजन में मिठाइयों, दूध, पनीर, खवा और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे समय में मिलावट और घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका भी बढ़ती है। इसी वजह से राज्यभर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने होटल, ढाबा और खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों का सही तापमान पर भंडारण करने और सभी जरूरी रिकॉर्ड अपडेट रखने के निर्देश दिए हैं। नियमों का पालन नहीं करने वालों पर लाइसेंस निलंबन, माल जब्ती और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
FDA अधिकारियों ने नागरिकों से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की है। पैक्ड सामान खरीदते समय उसकी निर्माण और एक्सपायरी तारीख देखने तथा खुले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। महाराष्ट्र में FDA की यह कार्रवाई ऐसे समय में हो रही है जब त्योहारी बाजारों में खाद्य पदार्थों की बिक्री तेजी से बढ़ी है। विभाग ने साफ संकेत दिया है कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से समझौता करने वाले प्रतिष्ठानों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Next Story