महाराष्ट्र

हरियाणा विस अध्यक्ष ने विधायकों को सिखाए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के गुर

mukeshwari
17 Jun 2023 2:08 AM GMT
हरियाणा विस अध्यक्ष ने विधायकों को सिखाए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के गुर
x

मुंबई। मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन में राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन के दूसरे दिन हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने समांतर सत्र की अध्यक्षता की। इस सत्र का विषय ‘अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए कल्याणकारी योजनाएं’ रखा गया। इस दौरान विषय विशेषज्ञों ने सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समाज द्वारा अपने स्तर पर किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को विधायकों के सामने रखा।

इससे पूर्व सामूहिक सत्र को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष शिवराज पाटिल, मीरा कुमार, सुमित्रा महाजन और महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संबोधित किया। सम्मेलन में देशभर के 2200 से अधिक विधायक भाग ले रहे हैं।

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि जब भी हम समाज के अंतिम व्यक्ति और उसके कल्याण की बात करते हैं तो हमें महात्मा गांधी जी का जंतर याद रखना चाहिए। इस जंतर में गांधी गरीब आदमी के प्रति संवेदना की बात करते हैं। गांधीजी का यह दर्शन हमें लोकमान्य तिलक और उनसे करीब 2300 साल पूर्व हुए राजनीति के महान गुरु आचार्य चाणक्य ने भी दिया।

आधुनिक काल में इस विचार के प्रणेता पंडित दीन दयाल उपाध्याय को माना जाता है। उन्होंने इसमें गरीब से गरीब व्यक्ति के उद्धार के साथ-साथ समग्र विकास की बात की। पंडित दीनदयाल मानते थे कि समष्टि जीवन का कोई भी अंग या व्यक्ति पीड़ित रहता है तो वह समस्त समाज को यानि विराट पुरुष को विकलांग करता है। इसलिए समाज जीवन की आवश्यक शर्त है अंत्योदय। इसलिए समाज के सूत्रधारों को अंत्योदयी होना चाहिए।

ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि किसी भी राष्ट्र का विकास अपनी जड़ों से कटकर नहीं हो सकता है। भारत की जड़ों से जुड़ी राजनीति, अर्थनीति एवं समाज-नीति ही भारतवर्ष के भाग्य को बदलने का सामर्थ्य रखती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार को मूर्त रूप देते हुए केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की मनोहर सरकार ने दर्जनों योजनाएं शुरू की हैं।

आज हमें इस तथ्य की तह में जाना चाहिए कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन और इनसे आम आदमी को वास्तव में कितना लाभ मिला है। कल्याणकारी योजनाएं जीवन को बेहतर बनाने और समाज में कमजोर लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए हैं। सत्र के उपाध्यक्ष गोवा विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष राजेश पाटनीकर रहे।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story