महाराष्ट्र

विधायक इदरीस नायकवाड़ी को धमकी देने के मामले में एफआईआर

Admindelhi1
14 Oct 2026 2:52 PM IST
विधायक इदरीस नायकवाड़ी को धमकी देने के मामले में एफआईआर
x
इदरीस नायकवाड़ी को जान से मारने की धमकी देने पर मामला दर्ज

मुंबई: महाराष्ट्र के सांगली जिले के मिराज से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा-अजित पवार गुट) के विधायक इदरीस नायकवाड़ी को जान से मारने की धमकी मिली है। एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें पत्र भेजकर धमकी दी है। इस संबंध में विधायक ने मिराज सिटी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे पत्र में कहा गया है कि यदि विधायक नायकवाड़ी ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का विरोध किया, तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पत्र भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने और धमकी के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटी है।

जानकारी के मुताबिक, विधायक इदरीस नायकवाड़ी महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता लागू करने के विरोध में हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे को पत्र लिखकर पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग भी की थी।

विधायक को धमकी भरा पत्र मिलने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, पत्र भेजने वाले की पहचान और धमकी के पीछे की वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आ सकती हैं।

Next Story