- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- महाराष्ट्र के बीड में...
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के बीड में आबकारी विभाग के कार्यालय में भीषण आग, पांच कारों समेत कई दोपहिया वाहन जलकर खाक
jantaserishta.com
11 Nov 2026 10:15 AM IST

x
बीड (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के बीड शहर में धानोरा रोड स्थित आबकारी विभाग (शराबबंदी विभाग) के कार्यालय की पार्किंग में अचानक आग लग गई। आग ने पार्किंग में खड़े पांच चार-पहिया वाहनों समेत कई दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग के कार्यालय की पार्किंग में अचानक आग लग गई, जिससे कई गाड़ियों जल गईं। आग की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की ओर से केवल एक फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर भेजा गया। आग बुझाने के दौरान दमकल वाहन का पानी खत्म हो गया, जिसके बाद उसे दोबारा पानी भरने के लिए जाना पड़ा। इस प्रक्रिया में करीब 15 मिनट की देरी हुई। इस दौरान आग और अधिक फैल गई तथा उसने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद बीड नगरपालिका की अग्निशमन व्यवस्था और संसाधनों की उपलब्धता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं, घटनास्थल के आसपास रिहायशी इलाका है। इसके अलावा पास में खाद्य एवं औषधि प्रशासन सहित कई अन्य सरकारी कार्यालय भी स्थित हैं। आग के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने सूझबूझ दिखाई। उन्होंने कार्यालय के गेट पर खड़ी सरकारी स्कॉर्पियो का शीशा तोड़कर उसे बाहर निकाला, ताकि आग की चपेट में आने से वाहन को बचाया जा सके।
काफी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, घटना में हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन भी अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन से शहर की अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि शहर में पर्याप्त दमकल वाहन, पानी की उपलब्धता और आपातकालीन संसाधनों की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं के दौरान समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग के कार्यालय के अंदर करीब 200 लीटर स्पिरिट से भरे पांच बैरल रखे हुए थे। ऐसे में यदि आग कार्यालय के अंदर तक पहुंच जाती और इन बैरल को अपनी चपेट में ले लेती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, राहत की बात यह रही कि आग कार्यालय के अंदर तक नहीं पहुंची और एक बड़ा अनर्थ टल गया।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





