महाराष्ट्र

मुंबई में एफडीए की कार्रवाई, 9 रेस्टोरेंट के लाइसेंस निलंबित, करोड़ों का माल जब्त

Rajeshwari Nishad
18 Nov 2026 11:03 PM IST
मुंबई में एफडीए की कार्रवाई, 9 रेस्टोरेंट के लाइसेंस निलंबित, करोड़ों का माल जब्त
x
मुंबई। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर राज्यभर में कार्रवाई की है। विभाग ने विभिन्न जिलों में निरीक्षण और छापेमारी के दौरान करीब 1.27 करोड़ रुपये का खाद्य भंडार जब्त किया। दक्षिण मुंबई के नौ और ठाणे के तीन प्रतिष्ठानों समेत कुल 12 के खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किए गए हैं। पुणे में छह खाद्य विक्रेताओं को कारोबार बंद करने के निर्देश दिए गए। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर हुई कार्रवाई का ब्योरा बुधवार को जारी किया गया।
दक्षिण मुंबई के नौ प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
एफडीए के अनुसार, 17 नवंबर को किए गए निरीक्षणों में कई प्रतिष्ठानों में भोजन तैयार करने की जगह, खाद्य सामग्री के भंडारण और साफ-सफाई से जुड़ी खामियां मिलीं। कुछ जगह जरूरी रिकॉर्ड और प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे। निरीक्षण के आधार पर दक्षिण मुंबई के चेतना रेस्टोरेंट, कैफे आइडियल, बेरूट, मियां कबाब और नेचुरल आइसक्रीम समेत नौ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। श्रीयोग रेस्टोरेंट, गुप्ता फ्रूट जूस सेंटर, प्रकाश डोसा और सौरभ होटल्स भी इस कार्रवाई में शामिल हैं।
मुंबई के प्रतिष्ठानों में अलग-अलग तरह की कमियां दर्ज की गईं। एफडीए के मुताबिक, कोलाबा के कैफे आइडियल में भोजन तैयार करने की जगह के पास गीला कचरा रखा था और कच्चे व पके मांसाहारी खाद्य पदार्थ खुले रखे मिले। काला घोड़ा के चेतना रेस्टोरेंट में भंडारण के लिए इस्तेमाल किए गए बर्तनों और रेफ्रिजरेटर की स्थिति पर आपत्ति दर्ज की गई। चर्चगेट के नेचुरल आइसक्रीम प्रतिष्ठान में फ्रीजर की सफाई और काउंटर पर रखे उत्पादों की तारीख संबंधी लेबलिंग में कमियां बताई गईं।
ठाणे में भी तीन खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इनमें ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, ब्रोड्यामा फूड्स एलएलपी और सागर स्वीट एंड बेकरी शामिल हैं। एफडीए ने कहा कि निलंबन की अवधि में दक्षिण मुंबई के संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सामग्री की खरीद, बिक्री और वितरण की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुणे में खाद्य तेल, नागपुर में 25 हजार किलो से अधिक सुपारी जब्त
पुणे जिले के मावल में एफडीए ने एक प्रतिष्ठान से 20,085 लीटर खाद्य तेल जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 50.27 लाख रुपये बताई गई है। विभाग के अनुसार, तेल के गुणवत्ता मानकों और लेबलिंग से जुड़ी अनियमितताओं के आधार पर जब्ती की कार्रवाई हुई। वहीं, नागपुर के वैशाली नगर में सुपारी भूनने वाली दो इकाइयों से कुल 25,357 किलोग्राम सुपारी जब्त की गई। इसकी कीमत करीब 75.19 लाख रुपये आंकी गई है। विभाग ने वहां से साबुत और भुनी हुई सुपारी के नमूने भी लिए।
सोलापुर जिले के अकलुज में एक कैटरिंग प्रतिष्ठान से 144 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई। इसमें घी, गेहूं का आटा, बेसन और सेव शामिल थे। एफडीए के मुताबिक, निरीक्षण में कुछ सामग्री की उपयोग अवधि समाप्त मिली, जबकि कुछ खाद्य पदार्थ अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे गए थे। जब्त सामग्री की कीमत 13,010 रुपये बताई गई है।
पुणे की माणिकबाग खाऊ गली में छह विक्रेताओं को नोटिस
पुणे के सिंहगढ़ रोड स्थित माणिकबाग खाऊ गली में एफडीए की टीम ने नौ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इनमें छह विक्रेता वैध खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण के बिना कारोबार करते पाए गए। विभाग ने उन्हें काम बंद करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कुछ जगह तैयार भोजन खुला रखा मिला। भोजन तैयार करने की जगह के पास खुले कूड़ेदान और गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था में भी कमियां दर्ज की गईं। विभाग के अनुसार, संबंधित विक्रेता जरूरी नियमों का पालन करने और वैध लाइसेंस या पंजीकरण हासिल करने के बाद ही कारोबार दोबारा शुरू कर सकेंगे।
राज्यव्यापी अभियान में प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के खिलाफ भी कार्रवाई हुई। एफडीए ने इन मामलों में करीब 1.68 लाख रुपये का प्रतिबंधित माल जब्त करने और पांच लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि अवधि समाप्त हो चुके या जिनसे छेड़छाड़ की गई
Next Story