महाराष्ट्र

भावली वॉटरफॉल पर परिवार पर हमला, 7 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

SHIDDHANT
13 July 2026 10:42 PM IST
भावली वॉटरफॉल पर परिवार पर हमला, 7 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
x
Nashik नासिक: महाराष्ट्र के नासिक जिले के इगतपुरी तालुका स्थित प्रसिद्ध भावली वॉटरफॉल पर घूमने आए एक पर्यटक परिवार पर हमला, महिला से कथित छेड़छाड़, लूट और हत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इगतपुरी पुलिस स्टेशन में सात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता पूनम भगवत ने बताया कि परिवार भावली वॉटरफॉल घूमने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और उनके पति के साथ मारपीट करते हुए पूरे परिवार को धमकाया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके साथ छेड़छाड़ भी की गई और परिवार से लूटपाट की गई।
पूनम भगवत के अनुसार, किसी तरह परिवार वहां से अपनी कार में निकल गया, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते रहे। उन्होंने बताया कि आरोपी एक सफेद बलेनो कार (MH 46 BE 3721) और हीरो मोटरसाइकिल (MH 15 KA 4502) पर सवार होकर काफी दूर तक उनका पीछा करते रहे और लगातार धमकियां देते रहे। परिवार ने किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही इगतपुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल और
आसपास
के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही वाहन नंबरों के आधार पर भी आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। घटना के बाद इलाके में पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Next Story