महाराष्ट्र

वसूली रैकेट का पर्दाफाश, महिला पुलिस अधिकारी सहित तीन गिरफ्तार

SHIDDHANT
5 Sept 2025 12:09 AM IST
वसूली रैकेट का पर्दाफाश, महिला पुलिस अधिकारी सहित तीन गिरफ्तार
x
MAHARASHTRA महाराष्ट्र: राजधानी मुंबई में बांद्रा टर्मिनस पर यात्रियों से बैग चेकिंग के नाम पर लाखों रुपए की जबरन वसूली करने का मामला सामने आया है। इस रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए जीआरपी की क्राइम ब्रांच ने एक महिला पुलिस अधिकारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजया उर्फ मनीषा इंगवले, नीलेश दीपक कलसुलकर और प्रवीण वेदनाथ शुक्ला के रूप में हुई है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह पूरा वसूली रैकेट महिला अधिकारी इंगवले के इशारे पर चल रहा था। उसके साथ गिरफ्तार कलसुलकर और शुक्ला लंबे समय से उसके निजी सहयोगी के तौर पर काम कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार, दोनों सहयोगी यात्रियों पर नजर रखते थे और जैसे ही उन्हें किसी यात्री के पास भारी रकम होने की जानकारी मिलती, वे इंगवले को इसकी सूचना दे देते थे। इसके बाद इंगवले और उसके साथी पुलिसकर्मी बनकर यात्री को रोकते, बैग चेकिंग के बहाने डराते और बड़ी रकम वसूल लेते।
हाल ही में बांद्रा टर्मिनस पर एक कपड़ा व्यापारी को निशाना बनाया गया, जिससे आरोपियों ने 10 लाख रुपए वसूले। व्यापारी ने इनकी शिकायत मुंबई जीआरपी से की, जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि इंगवले का कुछ दिन पहले बोरीवली रेलवे पुलिस स्टेशन से बांद्रा पुलिस स्टेशन में तबादला हुआ था, लेकिन उसकी वसूली की आदतें वहीं बनी रहीं। बोरीवली में भी उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक यात्री से 50,000 रुपए की वसूली की थी। मुंबई जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह भी जांचा जा रहा है कि कितने और यात्री इनके शिकार बने हैं।
Next Story