- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- केंद्र सरकार के इशारे...

MUMBAI मुंबई: आम आदमी पार्टी (आप) नेता सौरभ भारद्वाज के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक अस्पताल निर्माण परियोजना में कथित अनियमितताओं के मामले में छापेमारी की। इस कार्रवाई पर कांग्रेस नेता नाना पटोले ने केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। पटोले ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सुप्रीम कोर्ट कई बार अप्रत्यक्ष रूप से ईडी को राजनीति से प्रेरित कार्रवाई करने पर फटकार लगा चुका है। इसके बावजूद ईडी केंद्र के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्थाओं का इस तरह दुरुपयोग होना उचित नहीं है और इससे ईडी की साख गिर रही है।
अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ को लेकर पटोले ने कहा कि इसका सीधा असर महंगाई और रोजगार पर पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि इससे लोगों की नौकरी जाएगी और बेरोजगारी बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रधानमंत्री से बातचीत करना चाहते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने अब तक इस पर रुख साफ नहीं किया है। पटोले ने कहा कि केंद्र सरकार को टैरिफ समस्या से निपटने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पटोले ने कहा कि भाजपा और आरएसएस इतिहास को विकृत करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में मंगल पांडे, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी और सरदार पटेल जैसे अनगिनत सेनानियों का अपार योगदान रहा है। भागवत को चीन और पाकिस्तान जैसे मौजूदा मुद्दों पर भी बोलना चाहिए। इसके साथ ही पटोले ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के "वोटर अधिकार यात्रा" में शामिल होने पर कहा कि यह राहुल गांधी की आवाज का समर्थन है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को बनाए रखना हर नेता का कर्तव्य है, लेकिन भाजपा जिस तरह चुनाव आयोग पर दबाव बना रही है, वह लोकतंत्र और देश दोनों के साथ बड़ा विश्वासघात है।





