महाराष्ट्र

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होंगे डॉ. हेमंत सवरा

Admindelhi1
13 Oct 2026 8:26 AM IST
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होंगे डॉ. हेमंत सवरा
x
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होंगे पालघर के सांसद

मुंबई: पालघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा का न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन किया गया है। 19 से 23 अक्टूबर 2026 तक न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाले इस सत्र में भारत सरकार की ओर से भेजे जाने वाले 20 सदस्यीय उच्चस्तरीय संसदीय शिष्टमंडल में उन्हें शामिल किया गया है। विदेश मंत्रालय के माध्यम से होने वाले इस दौरे में डॉ. सवरा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का पक्ष रखेंगे।इस शिष्टमंडल में देश के चुनिंदा सांसदों को स्थान दिया गया है। डॉ. सवरा के चयन को पालघर जिले और महाराष्ट्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

इस दौरान संयुक्त राष्ट्र महासभा में वैश्विक मुद्दों पर होने वाली चर्चाओं, नीतिगत बैठकों और विचार-विमर्श में भारत की भूमिका प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। सामाजिक, राजनीतिक और चिकित्सा क्षेत्र में अनुभव रखने वाले डॉ. सवरा पालघर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके चयन से क्षेत्रीय मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा। इस उपलब्धि पर डॉ. सवरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और पालघर की जनता का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ निभाने का विश्वास भी जताया।

Next Story