- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- देवेंद्र फडणवीस ने...
देवेंद्र फडणवीस ने बढ़ाई एसआईआर में दावे-आपत्तियों की समय सीमा

मुंबई: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को मतदाताओं को बड़ी राहत दी है। उन्होंने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समय सीमा 26 अक्टूबर तक बढ़ाने की घोषणा की है। उन्होंने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें और किसी भी तरह की गलती होने पर समय रहते सुधार के लिए आवेदन करें।
मुख्यमंत्री फडणवीस की ओर से साझा किए गए कार्यक्रम के अनुसार, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर है। इसके बाद प्रशासन प्राप्त आवेदनों की जांच करेगा और 10 नवंबर तक उनका निपटारा किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, जरूरी संशोधनों के बाद 16 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं। यदि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में उनका नाम नहीं है या नाम और अन्य विवरणों में कोई गलती है, तो वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना संबंधित अधिकारी या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करें। मतदाता सूची में नाम और विवरण की समय रहते जांच करना जरूरी है, ताकि पात्र नागरिकों का नाम अंतिम सूची में शामिल हो सके और वे मतदान के अपने अधिकार का इस्तेमाल कर सकें।





