महाराष्ट्र

'मुंबई में कपल से मारपीट मामले में मदरसे को बदनाम करना गलत,' किरीट सोमैया के आरोपों पर बोला मदरसा प्रबंधन

jantaserishta.com
25 Nov 2026 10:28 AM IST
मुंबई में कपल से मारपीट मामले में मदरसे को बदनाम करना गलत, किरीट सोमैया के आरोपों पर बोला मदरसा प्रबंधन
x
मुंबई: फीनिक्स मॉल के गार्डन में कपल के साथ मारपीट और बदसलूकी के मामले में घाटकोपर का मदरसा पहली बार सामने आया है। किरीट सोमैया ने इस मदरसे पर 'जिहादी ट्रेनिंग' देने का आरोप लगाया था। इस पर मदरसे की तरफ से आईएएनएस से बातचीत के दौरान पहली बार सफाई दी गई है।
मदरसे के दो ट्रस्टी और वकील ने एक सुर में कहा, "इस घटना का मदरसे से कोई लेना-देना नहीं है। यह सिर्फ लड़कियों का मदरसा है, शुक्रवार को बंद रहता है और घटना में शामिल लड़के यहां के नहीं हैं।"
मदरसे की देखभाल करने वाले आबिद खान ने कहा, "मैं आधिकारिक ट्रस्टी नहीं हूं लेकिन यहां की जिम्मेदारी मेरे ऊपर है। पिछले शुक्रवार को फीनिक्स मॉल के बगल वाले गार्डन में कुछ लड़कों ने एक कपल को परेशान किया। इस घटना को मदरसे से जोड़ा जा रहा है, जिसका हम पूरी तरह खंडन करते हैं। यह मदरसा केवल लड़कियों का है, यहां 100 से 125 लड़कियां पढ़ती हैं। बीएमसी का नोटिस मिला है, अधिकारी आएंगे तो कानूनी प्रक्रिया के तहत पूरा सहयोग करेंगे और सारे दस्तावेज उन्हें सौपेंगे।"
दूसरे ट्रस्टी ने कहा, "बीएमसी का नोटिस मिला है। घटना फीनिक्स मॉल में शुक्रवार को हुई जबकि शुक्रवार को मदरसा पूरी तरह बंद रहता है, यहां छुट्टी होती है। इस घटना से मदरसे को जोड़ना सरासर गलत और झूठ है। कोई भी आकर देख सकता है कि यह सिर्फ बच्चियों का मदरसा है। यह मदरसा 40-45 साल पुराना है, यहां 100-125 बच्चियां पढ़ती हैं, पढ़ाने का काम भी महिला शिक्षिकाएं करती हैं। पुलिस का पूरा सहयोग मिल रहा है। हमारी मांग है कि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो और उन्हें कड़ी सजा मिले।"
तीसरे ट्रस्टी ने कहा, "हमें समझ नहीं आ रहा कि इस घटना से मदरसे का क्या संबंध है। मदरसे में अंदर-बाहर सीसीटीवी लगे हैं। मदरसे से जुड़े लोगों के साथ पीछे के 10-15 घरों को भी नोटिस दिया गया है। घटना में शामिल लड़के मदरसे के नहीं हैं, न ही इस इलाके के हैं, वे दूसरे मोहल्ले से आते हैं। यह सिर्फ लड़कियों का मदरसा है, यहां पुरुषों को आने की अनुमति नहीं है। किरीट सोमैया का बयान देना और मामले को धर्म से जोड़ना बिल्कुल गलत है। इस घटना का किसी धर्म से कोई संबंध नहीं है।"
वकील एडवोकेट कुतुब आलम शाह ने कहा, "यह प्रचार गलत है कि लड़के यहां से पढ़कर निकले हैं। यहां सिर्फ स्थानीय बच्चियां पढ़ती हैं, बिहार-बंगाल या किसी दूसरे राज्य से कोई नहीं आता। बीएमसी ने धारा 488 के तहत नोटिस दिया है। 14 फीट से अधिक निर्माण पर पहले महापौर और आयुक्त ने कार्रवाई रोकने की बात कही थी। फिर सिर्फ मदरसे को नोटिस क्यों? पूरे मुंबई में ऐसे कितने धार्मिक स्थल अवैध घोषित हैं? क्या सब पर ऐसी ही कार्रवाई होगी? बीएमसी को जवाब देना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि हम पिछले 2 साल से किरीट सोमैया के कामकाज पर नजर रख रहे हैं। वे महाराष्ट्र का माहौल खराब कर रहे हैं। यह छत्रपति शिवाजी महाराज का महाराष्ट्र है, जहां सबको साथ लेकर चलने की परंपरा है। एयरपोर्ट मस्जिद, सोसायटी, चांदिवली विधानसभा- सभी मामलों के दस्तावेज जुटाकर उनके खिलाफ मजिस्ट्रेट कोर्ट में प्राइवेट शिकायत दायर करने की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story