- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नासिक बस हादसे में...
महाराष्ट्र
नासिक बस हादसे में मरने वालों की संख्या 12 हुई, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने दुख व्यक्त किया
Rani Sahu
8 Oct 2022 1:40 PM GMT

x
नासिक, (आईएएनएस)| नासिक बस हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है, जबकि अन्य 28 का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य नेताओं ने त्रासदी पर दुख व्यक्त किया है। नासिक के बाहरी इलाके औरंगाबाद रोड पर शनिवार सुबह करीब पांच बजे चिंतामणि ट्रेवल्स की एक यात्री बस डीजल से लदे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में आग लग गई, जिससे उस समय सो रहे कई यात्री आग की लपटों में फंस गए।
बस यवतमाल से 30 से अधिक यात्रियों के साथ, पुसाद और पुणे के रास्ते मुंबई जा रही थी। घटना की जांच का आदेश देते हुए शिंदे शनिवार दोपहर को नासिक पहुंचे और स्थानीय अस्पतालों में पीड़ितों से मिले।
प्रधानमंत्री ने 12 मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की है, जबकि शिंदे ने कहा कि मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे जबकि राज्य सरकार घायलों के लिए सरकारी या निजी अस्पतालों में इलाज का पूरा खर्च उठाएगी।
शिंदे समूह के मंत्रियों के साथ कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और शिवसेना के प्रवक्ताओं ने भी दुखद हादसे पर शोक व्यक्त किया और मामले की जांच की मांग की है।
Next Story