महाराष्ट्र

CRPF को मिली बड़ी सफलता, मुठभेड़ में चार माओवादी किए ढेर

SHIDDHANT
29 Aug 2025 12:07 AM IST
CRPF को मिली बड़ी सफलता, मुठभेड़ में चार माओवादी किए ढेर
x
MHARASHTRA महाराष्ट्र: गढ़चिरौली में पुलिस और सीआरपीएफ को संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता मिली है। गढ़चिरौली-नारायणपुर सीमा के कोपरशी जंगल में हुई मुठभेड़ में चार माओवादी मारे गए, जिनमें एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं। इन सभी पर कुल 14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने बताया कि 25 अगस्त को गढ़चिरौली पुलिस और सीआरपीएफ ने माओवादी-विरोधी अभियान चलाया। गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस की 20 टीमें और सीआरपीएफ की 2 टीमें कोपरशी के जंगल में भेजी गई थीं। खराब मौसम और दुर्गम रास्तों के बावजूद जवानों ने करीब 48 घंटे तक तलाशी अभियान जारी रखा।
जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने पहले आत्मसमर्पण की अपील की, लेकिन माओवादी हथियार डालने को तैयार नहीं हुए और फायरिंग तेज कर दी। इसके बाद पुलिस और सीआरपीएफ ने जवाबी कार्रवाई की। करीब आठ घंटे तक गोलीबारी चलती रही। मुठभेड़ के बाद तलाशी में चार माओवादियों के शव बरामद हुए। इनमें मालू पाड़ा उर्फ मालू, कंपनी नंबर 10 का पीपीसीएम रैंक का कमांडर शामिल था, जिस पर 6 लाख रुपए का इनाम था। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक एसएलआर राइफल, दो इंसास राइफलें, एक .303 राइफल, 92 जिंदा कारतूस और 3 वॉकी-टॉकी बरामद किए। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ेगा। सुरक्षाबलों की तत्परता और कार्रवाई ने जिले में माओवादी खतरे को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
Next Story