- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- महाराष्ट्र में...
महाराष्ट्र में ठेकेदारों की लामबंदी, सरकार के खिलाफ मोर्चे की तैयारी

मुंबई: महाराष्ट्र के ठेकेदार अब राज्य सरकार के पास अपने बकाए को लेकर लामबंद हो गए हैं। उन्होंने बकाए की वसूली को लेकर 19 अक्टूबर को मोर्चे का ऐलान किया है। राज्य के सभी जिलाधिकारी कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
महाराष्ट्र स्टेट कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन (एमएससीए) के अध्यक्ष मिलिंद भोसले के अनुसार सरकार के पास ठेकेदारों का 96 हजार करोड़ बकाया है। ठेकादार आर्थिक परेशानी में हैं, लेकिन उनके बकाए की राशि के भुगतान के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है. हमने 19 अक्टूबर को सभी जिलाधिकारी कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कि महायुति सरकार हमारे पैसों को देने के लिए कोई कारगर कदम नहीं उठा रही है। भोसले ने बताया कि आर्थिक दबाव के चलते पिछले 10 महीनों में 9 ठेकेदारों ने आत्महत्या कर ली है। ठेकेदार पिछले दो साल से राज्य सरकार से पेमेंट का इंतजार कर रहे हैं। बकाया बिलों से बढ़ते दबाव और अधिकारियों की कथित मनमानी की वजह से ठेकेदारों ने आत्महत्या की है।
महाराष्ट्र स्टेट कॉन्ट्रैक्टर्स फेडरेशन, स्टेट इंजीनियर्स एसोसिएशन और महाराष्ट्र स्टेट वॉटर सप्लाई कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन ने कहा कि उन्होंने बार-बार मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, सार्वजनिक कार्य, जल जीवन मिशन, आदिवासी विकास विभाग और ग्रामीण विकास विभाग के मंत्रियों से बात की थी। सरकार ने हमारी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया। अब जब राज्य में सूखा घोषित कर दिया गया है, तो हमें हमारा बकाया मिलने की उम्मीद कम है। अब हमारे पास आंदोलन करने के अलावा कोई रास्ता नहीं है।





