महाराष्ट्र

NCP में टूट पर कांग्रेस ने बुलाई बैठक

Sonam
11 July 2023 10:59 AM GMT
NCP में टूट पर कांग्रेस ने बुलाई बैठक
x

महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी में विभाजन के मद्देनजर राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को नई दिल्ली में पार्टी नेतृत्व के साथ बैठक की।

महाराष्ट्र की स्थिति पर हुई चर्चा

बता दें कि कांग्रेस अब महाराष्ट्र में सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी बन गई है और उसने राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता पद के लिए दावा पेश किया है। कांग्रेस नेताओं ने एनसीपी में विभाजन के बाद की स्थिति पर चर्चा की। साथ ही ये लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में पार्टी की संभावनाओं को कैसे प्रभावित करेगा, इस पर भी विचार-विमर्श किया।

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

यहां एआईसीसी मुख्यालय में बैठक के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी मौजूद थे। मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भाजपा ने अपनी 'वॉशिंग मशीन' का इस्तेमाल कर महाराष्ट्र के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई है। कांग्रेस इस राजनीतिक धोखाधड़ी का करारा जवाब देगी।

कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि हमारे नेता और कार्यकर्ता महाराष्ट्र के लोगों को उनकी सरकार वापस दिलाने में मदद करेंगे। हमने हमेशा महाराष्ट्र के लोगों के मन में अपनी जगह बनाए रखी है। हम महाराष्ट्र और कांग्रेस के बीच गौरवशाली रिश्ते को और मजबूत करेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस पार्टी का गढ़ है।

महाराष्ट्र में कांग्रेस को मजबूत करने पर जोर

राहुल गांधी ने कहा कि हमारा ध्यान महाराष्ट्र में कांग्रेस को मजबूत करने और लोगों की आवाज उठाने पर है। हम मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि इस जनविरोधी सरकार को हराया जाए। बता दें कि अजित पवार महाराष्ट्र में एनडीए सरकार में शामिल हो गए हैं और उपमुख्यमंत्री बने हैं।

Next Story