- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- 26/11 की बरसी पर वीर...
26/11 की बरसी पर वीर जवानों को नमन, सीएम फडणवीस ने किया एंबुलेंस का लोकार्पण

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है। गुरुवार को गेटवे ऑफ इंडिया पर महाराष्ट्र पुलिस बॉयज संगठन की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उन्होंने यह बात कही।
कार्यक्रम में 26/11 मुंबई और पहलगाम आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले नागरिकों एवं बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस परिवारों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक उपकरणों से लैस एंबुलेंस का लोकार्पण किया।
फडणवीस ने मुंबई आतंकी हमले के दौरान महाराष्ट्र पुलिस और सुरक्षा बलों के साहस को याद करते हुए वीर पुलिसकर्मी तुकाराम ओंबले के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है और राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पुलिस भर्ती, प्रशिक्षण, पुलिसकर्मियों के बच्चों से जुड़े मुद्दों और परिवारों के कल्याण को लेकर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून और नियमों के दायरे में पुलिस विभाग की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निर्णय लेगी।





