- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- बिल्डर और जमीन मालिक...

सांकेतिक तस्वीर (AI)
MHARASHTRA महाराष्ट्र : वसई-विरार इलाके में बुधवार देर रात बड़ा हादसा हुआ। विरार पूर्व स्थित रमाबाई अपार्टमेंट की चार मंजिला इमारत अचानक ढह गई, जिसमें अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है और 9 लोग घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। एनडीआरएफ और अग्निशमन दल की टीमें लगातार मलबा हटाने का काम कर रही हैं। अब तक 26 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत अभियान अभी भी जारी है। अधिकारियों के अनुसार, इमारत की खराब हालत और निर्माण में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
जांच में सामने आया कि 2008-09 में बिना अनुमति के इमारत का निर्माण किया गया था। इसमें 54 फ्लैट और 4 दुकानें थीं, जो घटिया सामग्री से बनाई गईं। वसई-विरार महानगरपालिका की शिकायत पर पुलिस ने बिल्डर नितल गोपीनाथ साने (48) और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और महाराष्ट्र प्रादेशिक व नगर रचना अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज हुआ है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए मुआवजा और घायलों को सहायता देने की घोषणा की है। जांच के लिए टीम गठित की गई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।





