- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- खौलते गुड़ ने छीनी...
महाराष्ट्र
खौलते गुड़ ने छीनी मजदूर की जिंदगी CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा
nidhi
25 Aug 2026 10:29 AM IST

x
महाराष्ट्र में मौत शव पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम
लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के एक मजदूर की महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। गुड़ बनाने वाले प्लांट में काम करने के दौरान मजदूर अचानक खौलती हुई गुड़ की कढ़ाई में गिर गया। गंभीर रूप से झुलसने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही उसके गांव में मातम छा गया।
मृतक की पहचान लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र के मूड़ी गांव निवासी दानिश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दानिश रोजी-रोटी के लिए महाराष्ट्र के एक गुड़ प्लांट में काम करने गया था। हादसे के समय वह गुड़ बनाने की प्रक्रिया में जुटा हुआ था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह खौलती कढ़ाई में जा गिरा।
WARNING: GRAPHIC25yo MAN FALLS into VAT of BOILING-HOT JAGGERY in India — CRIES ‘SAVE ME’ as HE DIES pic.twitter.com/3xnJr0mjc5
— RT (@RT_com) August 24, 2026
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
घटना के बाद प्लांट में मौजूद अन्य मजदूरों में हड़कंप मच गया। साथियों ने तुरंत दानिश को कढ़ाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर रूप से झुलसने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। हादसे का पूरा घटनाक्रम प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया। बताया जा रहा है कि दानिश अपने गांव के करीब 15 अन्य मजदूरों के साथ महाराष्ट्र काम करने गया था। अचानक हुए इस हादसे से उसके साथ काम करने वाले मजदूर भी सदमे में हैं।
गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम
महाराष्ट्र में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दानिश का शव उसके पैतृक गांव भेजा गया। जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी घटना पर दुख जताया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। शुरुआत में परिजनों ने घटना को लेकर कई सवाल उठाए थे, लेकिन बाद में सीसीटीवी फुटेज दिखाए जाने के बाद स्थिति साफ हुई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई है।
मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर फैक्ट्रियों और छोटे उद्योगों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुड़ निर्माण जैसे कामों में गर्म कड़ाही, भट्ठी और मशीनों के बीच काम करने वाले श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरण और सावधानियां बेहद जरूरी होती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाहर जाकर काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कंपनियों को विशेष इंतजाम करने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Next Story





