- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- केमिकल गैस से दम घुटने...
महाराष्ट्र
केमिकल गैस से दम घुटने की आशंका, सार्वजनिक शौचालय में मिले दो युवकों के शव
SHIDDHANT
27 Sept 2026 9:46 PM IST

x
MUMBAI मुंबई : वनराई थाना क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय में दो युवकों की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि केमिकल की गंध के कारण दम घुटने से दोनों युवकों की जान गई। घटना राम मंदिर रेलवे स्टेशन के पास शंकर नगर इलाके की बताई जा रही है। वनराई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अब्दुल शेख ने बताया कि राम मंदिर रेलवे स्टेशन के पास शंकर नगर इलाके में एक गणपति मंडल है। गणपति विसर्जन के बाद मंडल के कुछ सदस्य खाना खाकर लौटे थे और रात करीब 2:30 बजे घटनास्थल के आसपास बैठे हुए थे।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दो युवक भाविन देसाई (18) और प्रभाकर दीवा (25) को पेशाब लगी। दोनों पास में मौजूद सार्वजनिक शौचालय गए, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद साथ मौजूद लोगों ने शौचालय में जाकर देखा तो दोनों युवक बेहोशी की हालत में मिले। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों युवकों को इलाज के लिए ट्रॉमा केयर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो घटनास्थल पर एक तेज गंध महसूस हुई। पूछताछ के दौरान जानकारी सामने आई कि शौचालय के पास एक छोटी फैक्ट्री मौजूद है, जहां इलेक्ट्रो प्लेटिंग का काम किया जाता है। इस प्रक्रिया में कुछ प्रकार के केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अब्दुल शेख ने बताया कि आशंका है कि फैक्ट्री से केमिकल ड्रेनेज में छोड़ा गया होगा, जिसके कारण वहां गंध फैल गई। इसके बाद जब दोनों युवक शौचालय के अंदर गए तो संभव है कि केमिकल की गंध के कारण उनका दम घुट गया और वे बेहोश हो गए।
पुलिस ने बताया कि दोनों युवकों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि केमिकल कहां से आया और क्या इसे नियमों का उल्लंघन करते हुए ड्रेनेज में छोड़ा गया था।
घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग सार्वजनिक स्थानों के आसपास सुरक्षा और केमिकल निपटान व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





