महाराष्ट्र

संजय राऊत के खिलाफ भाजपा ने उठाई माफी की मांग

Admindelhi1
16 Oct 2026 5:38 PM IST
संजय राऊत के खिलाफ भाजपा ने उठाई माफी की मांग
x
संजय राऊत के बयान को लेकर भाजपा ने मांगी सार्वजनिक माफी

मुंबई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को मुंबई में कहा कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राऊत को उच्चतम न्यायालय से माफी मांगने के साथ ही महाराष्ट्र की 14 करोड़ और देश की 140 करोड़ जनता से भी माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने आरोप लगाया कि संजय राऊत और राहुल गांधी जनता को गुमराह कर रहे हैं और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भ्रम फैला रहे हैं।

बन आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के बाद अब संजय राऊत भी माफी मांगने की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि संजय राऊत न्याय की मांग कर रहे हैं, तो उन्हें पालघर में साधुओं की हत्या, दिशा सालियान की मौत, पत्राचाल मामले और न्याय की प्रतीक्षा कर रहीं पाटकर नामक महिला के मुद्दों पर भी न्याय की मांग करनी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने का दावा करके राहुल गांधी और संजय राऊत लोगों के बीच भ्रम पैदा कर रहे हैं। उनके मुताबिक, इस आंकड़े में दोहरे मतदाताओं, मृत व्यक्तियों और स्थानांतरित हो चुके लोगों के नाम भी शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि शेष तीन करोड़ नामों को लेकर ही भ्रम की स्थिति है। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत पात्र मतदाता फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के नाम पर एसआईआर का विरोध कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अपने सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं को साथ रखने में विफल रहने के बाद विपक्ष चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहरा रहा है।

Next Story