महाराष्ट्र

अजित बोले- पार्टी मेरी; शरद का जवाब- राजभवन गए विधायकों ने कहा- हम आपके साथ

SANTOSI TANDI
3 July 2023 7:11 AM GMT
अजित बोले- पार्टी मेरी; शरद का जवाब- राजभवन गए विधायकों ने कहा- हम आपके साथ
x
महाराष्ट्र में रविवार को NCP नेता अजित पवार ने शिंदे सरकार में डिप्टी CM पद की शपथ ली। इसके बाद अजित पवार ने दावा किया कि NCP पार्टी और सिंबल उनका है। इसके कुछ ही देर बाद NCP अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि वे पार्टी के अध्यक्ष हैं।
शरद पवार ने दावा किया कि अजित के साथ राजभवन गए कुछ विधायकों का भी फोन आया था, उन्होंने कहा कि हमें कुछ और कहकर बुलाया गया था। उनमें से कुछ ने कहा है कि हम आपके साथ हैं।
जिन लोगों ने पार्टी के खिलाफ काम किया है, उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। PM मोदी ने सहकारिता में एक बड़े घोटाले की बात कही थी, इसके बाद आज की घटना सामने आई है।
अजित पवार और शरद पवार ने जो दावे किए हैं उन्हें जान लेते हैं -
मुंबई में रविवार को NCP कार्यकर्ताओं ने शिंदे सरकार के साथ जाने वाले NCP नेताओं के पोस्टर में उनके चेहरों पर काला रंग स्प्रे किया।
मुंबई में रविवार को NCP कार्यकर्ताओं ने शिंदे सरकार के साथ जाने वाले NCP नेताओं के पोस्टर में उनके चेहरों पर काला रंग स्प्रे किया।
पार्टी किसके साथ
अजित: मेरे साथ पूरी पार्टी है। शरद पवार से भी फोन पर बात हुई है। पार्टी के सभी सांसद और विधायकों का मुझे समर्थन है। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हम NDA के साथ रहेंगे।
देश में विकास के लिए सभी को साथ आना चाहिए। इसीलिए हमने पार्टी के रूप में यह फैसला लिया है। पार्टी के सभी विधायक और सांसद हमारे साथ हैं। पार्टी और चुनाव चिह्न मेरा है। NCP के सिंबल पर ही चुनाव लड़ेंगे।
शरद: मेरी किसी के साथ कोई बात नहीं हुई है। कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि हम ही पार्टी हैं, ऐसा कुछ नहीं है, कुछ दिन में सच्चाई सामने आएगी। मैं पार्टी अध्यक्ष हूं। NCP किसकी है यह लोग तय करेंगे।
लोगों को मालूम होगा कि पहले NCP नहीं थी, यह पार्टी मैंने बनाई है। किसी को कुछ भी कहने दो, लोग तय करेंगे कि पार्टी किसकी है। हम तो जनता के पास जाएंगे। कोई पार्टी का नाम लेता है तो हम उससे झगड़ा नहीं करेंगे। मेरे लिए यह नई बात नहीं है।
नेतृत्व
अजित: 1947 से हमने देखा कि कोई एक नेतृत्व में देश आगे बढ़ा। नेहरूजी के साथ सरदार पटेल थे। उसके बाद लाल बहादुर शास्त्री ने देश चलाया। फिर इंदिराजी ने देश को दिशा दी।
इमरजेंसी के ढाई साल बाद भी उनके नेतृत्व में सरकार आई। फिर राजीव गांधी के नेतृत्व में सरकार आई। 1984 के बाद से कोई एक नेता नहीं मिला देश को जिसका नेतृत्व सब को मंजूर हो।
लेकिन पिछले 9 साल से देश मोदी जी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। विदेशों में भी मोदी जी की तारीफ होती है। वंदेभारत ट्रेन, नेशनल हाई वे बन रहे हैं। विरोधी केवल अपने-अपने स्टेट का सोच रहे हैं।
कोई एक नेता नहीं, जो देश के बारे में सोच रहा हो। विपक्ष में कहीं पर ममता के खिलाफ कांग्रेस है दिल्ली में आप के खिलाफ कांग्रेस है। ऐसी विपक्षी एकता से कुछ खास नहीं होगा। मोदी के खिलाफ विपक्ष बिखरा हुआ है।
शरद: ऐसी कोई बात नहीं है। विपक्ष में कई नेता हैं। ये केवल BJP के साथ जाना चाहते थे, इसलिए ऐसा कह रहे हैं। मोदी जी जो कर रहे हैं देश के लोग उसे पसंद नहीं कर रहे हैं।
चुनाव
अजित: विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हम NDA के साथ रहेंगे। देश में विकास के लिए सभी को साथ आना चाहिए। NCP के सिंबल पर ही चुनाव लड़ेंगे।
शरद: मैंने पहले भी बगावत झेली है। 1980 में चुनाव के बाद मैं जिस पार्टी का नेतृत्व कर रहा था उसके 58 विधायक चुनकर आए थे। उसके बाद 52 विधायक पार्टी छोड़कर चले गए। मैं केवल 5 विधायकों का नेता रह गया था।
मैंने उन्हीं पांच को लेकर पार्टी चलाई। बाद के चुनाव में मैं 78 लोगों को जिताकर लाया। जो पार्टी छोड़कर गए थे उनमें से 45 चुनाव हार गए। इसलिए मैंने जो तब किया था, वही अब करके दिखाऊंगा।
शिंदे सरकार के साथ जाने पर
अजित- कई दिनों से इसके बारे में बातचीत चल रही थी। देश में जिस तरह कि स्थितियां हैं, वहां डेवलपमेंट को तरजीह दी जानी चाहिए। पीएम मोदी देश के विकास के लिए पिछले 9 साल से कई काम कर रहे हैं।
मुझे लगा कि हमें भी उनका साथ देना चाहिए। इसलिए मैं NDA में शामिल हुआ। महाराष्ट्र को विकास करने वाला नेतृत्व चाहिए। शिंदे सरकार भी विकास के कई काम कर रही है।
भुजबल और मैंने विकास को तवज्जो दी। केंद्र का सहयोग और पैसा महाराष्ट्र को मिलता रहे, इसीलिए हमने यह फैसला लिया। पार्टी भी हमारे साथ है।
हमने उद्धव के साथ भी सरकार बनाई थी, तो शिंदे के साथ जाने में क्या गलत है। हमारे पास सरकार चलाने का अनुभव है। हम राज्य की जनता को उसका फायदा देना चाहते हैं।
शरद: मोदी जी ने सिंचाई घोटाले की बात कही थी। कहा था NCP नेता इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं। आज NCP के नेताओं को सरकार में शामिल किया है। मुझे खुशी है कि उनके आरोप सभी गलत थे।
इसके लिए मैं मोदी जी का आभारी हूं। कुछ लोगों ने सरकार के साथ जाने की जो भूमिका चुनी है वह पार्टी की विचारधारा के खिलाफ है। यह अजित ने चुनी है।
6 जुलाई को पार्टी के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई है, उसमें संगठन में बदलाव पर बात करेंगे। हमारी असली ताकत कार्यकर्ता हैं। वो मेहनत करते हैं और हमें जिताते हैं।
छगन भुजबल ने मुझे कहा था कि जो हो रहा है वह सही नहीं हो रहा है। अब उन्होंने खुद ही शपथ ली है। इन सभी पर ED के केस चल रहे हैं, इसी से डरकर ये सरकार में गए हैं।
आगे क्या करेंगे
अजित: आगे भी सभी चुनाव हम पार्टी के नाम और सिंबल पर ही लड़ेंगे। नगालैंड में भी ऐसा हुआ था। वहां भी हमारी पार्टी के चुने गए 7 विधायकों ने ‌BJP के साथ जाने का फैसला लिया था। कई लोग अलग-अलग बातें करेंगे। हमें उनका जवाब देने की जरूरत नहीं है।
शरद: आपको याद होगा कि 2019 के विधानसभा चुनाव के पहले भी लोग पार्टी छोड़कर जा रहे थे, लेकिन हमने ज्यादा लोगों को जितवाया। मुझे देशभर से फोन आ रहे हैं और कहा कि हम आपके साथ हैं।
मुझे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी के फोन आए सभी ने साथ देने की बात कही। इसलिए जो हुआ है उसकी मुझे चिंता नहीं है। मैं कल बाहर निकलूंगा और यशवंतराव चव्हाण की समाधि पर जाकर दर्शन करूंगा।
उसके बाद महाराष्ट्र में घूमकर जनमत बनाऊंगा। दोबारा संगठन बनाना यह मेरा काम होगा और मैं यह कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर करूंगा। पार्टी की भूमिका आगे क्या होगी, ये पार्टी के नेताओं से बात करके बताऊंगा।
लोगों का समर्थन आपको है कि नहीं यह ज्यादा जरूरी है। मुझे भरोसा है कि हम लोगों के पास जाएंगे तो वो हमारे साथ आएंगे। उनकी टीम कौन सी है मुझे देखने दो। नए चुनाव होंगे तब मेरी पार्टी की नई टीम दिखाई देगी।
पार्टी विरोधियों पर एक्शन
शरद: प्रफुल्ल पटेल को कार्यकारी अध्यक्ष और सुनील तटकर को मैंने जनरल सेकेट्री चुना है। मैं उनसे कहना चाहूंगा कि वो पार्टी के खिलाफ काम कर रहे हैं। मुझे उनके खिलाफ एक्शन लेना होगा क्योंकि उन्होंने पार्टी के विरोध में काम किया है। उन्होंने मुझे धोखा दिया है। मेरी किसी से भी कोई बात नहीं हुई है। अजित पवार से भी कोई बात नहीं हुई है।
अजित पवार 5वीं बार महाराष्ट्र के डिप्टी CM बने
महाराष्ट्र में रविवार को बड़ा पॉलिटिकल उलटफेर हुआ। NCP के नेता अजित पवार ने दोपहर ढाई बजे शिवसेना के एकनाथ शिंदे की सरकार में डिप्टी CM पद की शपथ ली। शपथ के तुरंत बाद ट्विटर प्रोफाइल बदला और लिखा- डिप्टी सीएम ऑफ महाराष्ट्र।
Next Story