- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मेनहोल सफाई के दौरान...
मेनहोल सफाई के दौरान हादसा, एक मजदूर की मौत और दूसरा घायल

मुंबई: सांताक्रूज (ईस्ट) के गोलीबार रोड नंबर 8 पर मंगलवार सुबह भव्य निकेतन बिल्डिंग में मेनहोल (गंदे पानी के नाले) की सफाई के दौरान दो मजदूर मेनहोल में गिर गए। इनमें से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल मजदूर को वी.एन. देसाई अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। इस घटना की छानबीन सांताक्रुज पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज सुबह भव्य निकेतन बिल्डिंग में सीवर की सफाई के लिए दो मजदूरों को लगाया गया था। सफाई के दौरान दोनों मेनहोल में गिर गए। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। दोनों मजदूरों को मेनहोल से बाहर निकालकर तत्काल वी.एन. देसाई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया। मृतक मजदूर की पहचान संतोष काष्टे के रूप में हुई है। हादसे में घायल दूसरे मजदूर का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विलास जाधव इस सफाई कार्य के लिए ठेकेदार के तौर पर काम कर रहा था। पुलिस ने विलास जाधव को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की छानबीन कर रही है।





