महाराष्ट्र

PM मोदी के माफ करने वाले बयान पर अबू आजमी का पलटवार

SHIDDHANT
1 Aug 2026 8:09 PM IST
PM मोदी के माफ करने वाले बयान पर अबू आजमी का पलटवार
x
Mumbai मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जंतर-मंतर विवाद को लेकर जारी वीडियो संदेश पर समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आजमी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना गलत है और ऐसा नहीं होना चाहिए, लेकिन साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति पैदा क्यों हुई।
अबू आजमी ने कहा कि प्रधानमंत्री के सामने ही एक बड़ा आंदोलन चल रहा था, जो एक-दो दिन नहीं बल्कि कई दिनों तक जारी रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान कई वीडियो सामने आ रहे थे, लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं भी दिखाई दे रही थीं, लेकिन उस समय प्रधानमंत्री की ओर से कोई बयान नहीं आया।
सपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अब छात्रों को माफ करने की बात कही है, जो अच्छी बात है, लेकिन लोगों को यह भी पूछना चाहिए कि आखिर ऐसी परिस्थितियां क्यों बनीं। उन्होंने कहा कि हर कार्रवाई की प्रतिक्रिया होती है और इस पूरे घटनाक्रम को केवल गलती नहीं कहा जा सकता।
अबू आजमी ने आरोप लगाया कि छात्रों को लंबे समय तक परेशान किया गया, जिसके कारण कुछ लोगों ने गुस्से में आकर अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि यदि उसी समय प्रधानमंत्री का बयान आ जाता और पुलिस कार्रवाई रोक दी जाती तो शायद मामला इस स्तर तक नहीं पहुंचता।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों द्वारा अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर वीडियो संदेश जारी किया था। उन्होंने कहा था कि कुछ लोगों ने ऐसी भाषा का प्रयोग किया, जो सभ्य समाज के लिए उचित नहीं है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह उन्हें माफ करना चाहते हैं और समाज को भी इसे स्वीकार करना चाहिए।
प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद विपक्षी दलों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने जहां कार्रवाई और परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाए हैं, वहीं भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री के बयान को संवेदनशील पहल बताया है।
Next Story