महाराष्ट्र

70 साल की महिला की दम घुटने से मौत हुई, पति घायल; मुंबई की घटना

SANTOSI TANDI
14 Aug 2023 1:58 PM GMT
70 साल की महिला की दम घुटने से मौत हुई, पति घायल; मुंबई की घटना
x
पति घायल; मुंबई की घटना
महाराष्ट्र के मुंबई में तीन चोरों ने एक बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाकर उनके घर चोरी की। वारदात के दौरान दम घुटने से 70 साल की महिला की मौत हो गई, जबकि महिला का पति घायल हो गया।
चोरों ने दोनों के हाथ-पैर बांधकर उनके मुंह पर टेप लगा दिया, ताकि वे आवाज न कर सकें। इसके बाद चोरों ने उनके घर से सोने के जेवर चुरा लिए। दंपती को उसी हालत में छोड़कर चोर फरार हो गए।
पति के मॉर्निेंग वॉक पर जाते वक्त घर में घुसे थे चोर
पुलिस ने बताया कि हादसा रविवार सुबह तारदेव इलाके में हुआ, जब मदन मोहन अग्रवाल (75 साल) मॉर्निंग वॉक के लिए निकल रहे थे। करीब 6:30 बजे तीन लोगों ने उन्हें घर के अंदर धक्का दिया और जबरदस्ती उनके घर में दाखिल हो गए।
इसके बाद तीनों ने उन्हें हॉल में बंधक बनाया और उनकी पत्नी सुरेखा को खींचकर बेडरूम में ले गए जहां उनके हाथ-पैर बांधकर उनके मुंह पर टेप लगा दिया। इसके बाद तीनों चोरों ने चोरी की और वहां से फरार हो गए।
पति की दबी हुई चीख सुनकर आए पड़ोसी
पुलिस ने बताया कि दंपती के पड़ोसियों ने पति की दबी हुई चीखें सुनीं तो वे उनके घर पहुंचे। तब जाकर उन्हें घटना के बारे में पता चला। पड़ोसियों ने पुलिस को भी सूचना दी। वे लोग सुरेखा अग्रवाल को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टम के बाद बताया कि उनकी मौत दम घुटने से हुई है।
पुलिस ने बताया कि दंपती बिल्डिंग के तीसरे फ्लोर पर रहता था, जबकि उनके तीन बच्चे पास के ही इलाके में रहते थे। फिलहाल पुलिस ने डकैती, मर्डर की कोशिश समेत IPC की कई अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस बिल्डिंग के नीचे दुकान पर लगे CCTV कैमरे के फुटेज निकलवा रही है।
Next Story