- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- Mumbai में भूस्खलन से...

Mumbai मुंबई: भारी बारिश के बाद बुधवार तड़के मुंबई के घाटकोपर इलाके में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटना में छह लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन की घटना चिराग नगर के अशोक नगर इलाके में स्थित गौसिया चाल (कतार वाले मकान) में तड़के 3:48 बजे हुई।
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी से मिट्टी और मलबा दो-तीन घरों पर गिर गया, जिससे जान-माल का नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि घाटकोपर स्थित नगर निगम के राजावाड़ी अस्पताल में छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काज़ी (19), लगभग 45 साल के एक अज्ञात व्यक्ति, अबान आरिफ शेख (2), मनत आरिफ शेख (4) और मर्जिना आरिफ शेख (27) के तौर पर की गई है।
उन्होंने बताया कि चार घायलों - सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) - को कुर्ला स्थित नगर निगम के भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। अधिकारियों के अनुसार, बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण है क्योंकि प्रभावित इलाके तक जाने का रास्ता बहुत संकरा है, जिससे एक बार में केवल एक व्यक्ति ही गुजर सकता है और भारी मशीनरी का इस्तेमाल करना मुश्किल हो रहा है। खोज और बचाव अभियान जारी है और घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड, पुलिस, NDRF, एम्बुलेंस सेवा और नगर निगम के वार्ड कर्मचारियों की टीमें तैनात हैं।
मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने बचाव अभियान की निगरानी के लिए घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें मदद का भरोसा दिलाया। मेयर ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये और प्रत्येक घायल व्यक्ति के इलाज के लिए 50,000 रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने बचाव अभियान में शामिल एजेंसियों को अपने प्रयासों में तेज़ी लाने और आपस में तालमेल बनाए रखने का निर्देश दिया। प्रशासन स्थिति और चल रहे बचाव अभियान पर बारीकी से नज़र रखे हुए है।





