महाराष्ट्र

वाशी में 12 मंजिल का बनेगा महाराष्ट्र भवन

Rani Sahu
13 Sept 2023 10:51 PM IST
वाशी में 12 मंजिल का बनेगा महाराष्ट्र भवन
x
नवी मुंबई: नवी मुंबई के वाशी रेलवे स्टेशन के बाहर बनाए जाने वाले महाराष्ट्र भवन की रूपरेखा बनकर तैयार हो गयी है। महाराष्ट्र भवन की इमारत 12 मंजिल की भव्य और सुन्दर इमारत होगी, इस इमारत की डिजाइन बनकर तैयार है। इस इमारत की डिजाइन का प्रदर्शन सिडको अध्यक्ष अनिल डिग्गीकर के केबिन में किया गया।
इस इमारत में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इमारत की डिजाइन दिखाते समय डिग्गीकर के अलावा बेलापुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक मंदा म्हात्रे, सिडको के संयुक्त प्रबंध निदेशक शांतनु गोयल और डॉ कैलाश शिंदे मौजूद थे।
महाराष्ट्र भवन की इस भव्य इमारत के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि इसमें वीआईपी लोगों के कमरे के साथ साथ जन प्रतिनिधियों के साथ आने वाले वाहन चालक तथा उनके कर्मचारियों के लिए भी कमरों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए ठहरने के साथ लाइब्रेरी, कांफ्रेंस हॉल और फ़ूड कोर्ट का भी निर्माण किया जायेगा।
उल्लेखनीय है कि इस भवन के निर्माण के लिए सिडको ने जगह उपलब्ध की है और सिडको ही इस भवन का निर्माण कर रहा है। इमारत के लिए 100 करोड़ का बजट वाशी में बनने वाले महाराष्ट्र भवन के निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 100 करोड़ का बजट निर्धारित किया है, इस बजट को तय करने में राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने भी अपनी सहमति दी हुई है।
बताया गया कि महाराष्ट्र भवन के अग्रभाग में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा लगाई जाएगी। महाराष्ट्र भवन के नवी मुंबई में बनाए जाने के बाद कोंकण, विदर्भ तथा पश्चिम महाराष्ट्र के लोगों को ठहरने के लिए खास सुविधा हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि नवी मुंबई में महाराष्ट्र भवन का निर्माण करने के लिए विधायक मंदा म्हात्रे द्वारा लम्बे समय से प्रयास किया जा रहा था। इस बारे में मंदा म्हात्रे का कहना है महाराष्ट्र भवन का निर्माण हो जाने के बाद पुरे महाराष्ट्र के लोगों को लाभ मिलेगा।
Next Story