- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पेशी में आये आरोपी को...
मध्य प्रदेश
पेशी में आये आरोपी को युवकों ने पीटा, 6 के खिलाफ अपराध दर्ज
Shantanu Roy
26 Jun 2022 9:48 AM GMT

x
बड़ी खबर
भोपाल। राजधानी की जिला अदालत में शनिवार दोपहर छेड़छाड़ के मामले में पेशी पर आए युवक के साथ आधा दर्जन लोगों ने जमकर मारपीट की। इस दौरान वह एक होटल में रखी गर्म तेल की कढ़ाई पर गिर गया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात पांच-छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एमपी नगर थाना पुलिस के मुताबिक 31 वर्षीय भगवान सिंह पुत्र जसवंत सिंह राजपूत, बी-67 विद्या नगर में रहता है। वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। एक युवती की शिकायत पर बागसेवनिया थाने में भगवान सिंह, पंकज एवं शैलेंद्र के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज है।
उस मामले की शनिवार को न्यायालय में पेशी थी। भोजन अवकाश का समय होने के कारण भगवान सिंह और पंकज कोर्ट के पीछे सेवा सदन तरफ लगे नाश्ते के ठेले पर समोसा व कचौड़ी खाने गए थे। भगवान सिंह ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे दोनों नाश्ता कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दी। इसके बाद अचानक चार-पांच लोग उस पर टूट पड़े। वे कह रहे थे, तुम काफी शिकायत करते हो। मारपीट के दौरान उसे धक्का दिया गया, तो वह होटल में रखी गर्म तेल की कढ़ाई पर गिर गया। कढ़ाई उलटने से वह गर्म तेल के कारण बुरी तरह झुलस गया। उसके दोनों हाथ, सीना, बायां पैर झुलस गया है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात पांच-छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Next Story