मध्य प्रदेश

पारिवारिक विवाद के चलते शिप्रा नदी में कूदा युवक, फिर...

Shantanu Roy
12 Aug 2022 6:29 PM GMT
पारिवारिक विवाद के चलते शिप्रा नदी में कूदा युवक, फिर...
x
बड़ी खबर
क्षिप्रा। पारिवारिक विवाद के चलते गुरुवार देर रात एक व्यक्ति उफनती शिप्रा नदी में कूद गया। व्यक्ति ने पुल से पानी के तेज बहाव में छलांग लगाई और कुछ ही दूरी पर वो एक बड़े पत्थर तक पहुंच गया। वहां से उसने मदद के लिए गुहार लगाई। करीब एक घंटे के बाद स्थानीय लोगों ने आवाज सुनी। तब जाकर पुलिस व स्थानीय गोताखोरों तक मामला पहुंचा। दो गोताखोरों ने मशक्कत के बाद उसे सकुशल बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार 46 वर्षीय कैलाश पटोले निवासी शारदा नगर सुखलिया (इंदौर) शिप्रा नदी में पुल से गुरुवार रात को अपनी सास से विवाद के कारण कूद गया था। उसे तैरना नहीं आता था। जहां वह कूदा, उससे कुछ दूरी पर नदी में एक बड़ा पत्थर था। उसके करीब पहुंचकर वह बच गया, लेकिन बीच नदी में फंस गया। ऐसे में बचाओ बचाओ चिल्लाने लगा। करीब एक घंटे बाद नदी किनारे स्थित मकान में विक्रमसिंह भदोरिया ने उसकी आवाज सुनी। इसके बाद क्षिप्रा के स्थानीय तैराक निक्की बराना प्रजापति, भोला प्रजापति पहुंचे। इन्होंने काफी देर की मशक्कत के बाद कैलाश को दोनों तैराकों ने सकुशल निकाल लिया। मौके पर क्षिप्रा थाना व औद्योगिक थाना की पुलिस भी पहुंच गई थी। बताया जा रहा है कि घटनास्थल इंदौर जिले की सीमा में आता है।
गौरतलब है कि पिछले दो-तीन साल में कई लोग ब्रिज से छलांग लगा चुके हैं। इसमें से अधिकांश की मौत हो गई थी। नदी के ब्रिज पर कई सालों से जाली लगाने की मांग स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। मां क्षिप्रा नदी बचाओ समिति के अध्यक्ष राजेश बराना ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि दोनों पुलों पर जाली लगाई जाए, ताकि दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो।
Next Story