- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पलामू में 13 दिन तक...
पलामू में 13 दिन तक महिला से दुष्कर्म, 2 ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार

PLAMU पलामू (झारखंड): मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली एक महिला के साथ पलामू जिले में दो ट्रक ड्राइवरों ने 13 दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। पीड़ित महिला के परिजन भी घटना की जानकारी मिलने के बाद पलामू पहुंचे। पड़वा थाना क्षेत्र में पुलिस नियमित गश्त के दौरान छह चक्का ट्रक की जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रक के अंदर महिला संदिग्ध स्थिति में दिखाई दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ट्रक को थाना ले जाकर महिला से पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने बताया कि दोनों ट्रक ड्राइवरों ने उसे 13 दिनों तक ट्रक में बंधक बनाकर लगातार दुष्कर्म किया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के सैन्यनगर थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी सतपाल सिंह और मुरादाबाद जिले के ओमवीर को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला साफ-सफाई का काम करती थी और दो महीने पहले सतपाल सिंह से उसका परिचय हुआ था। पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि सात अगस्त को आरोपी महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया था। इसके बाद दोनों आरोपी महिला के साथ लगातार दुष्कर्म करते रहे और उसे ट्रक में बंधक बनाकर रखा। घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल है। पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपी इस मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में हैं और आगे की जांच जारी है।





