मध्य प्रदेश

Weather Update : देश के इन राज्यों में कड़ाके की ठंड के बीच हो रही बारिश, एमपी में शीतलहर के आसार

Deepa Sahu
13 Jan 2022 12:49 PM IST
Weather Update : देश के इन राज्यों में कड़ाके की ठंड के बीच हो रही बारिश, एमपी में शीतलहर के आसार
x
कड़ाके की ठंड के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है।

कड़ाके की ठंड के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार सुबह बारिश की चेतावनी जारी की है। इस बारिश के कारण इन राज्यों में और भी ठिठुरन बढ़ेगी। वहीं मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर के आसार जताए गए हैं। ओडिशा में चक्रवाती परिसंचरण की वजह से बुधवार को जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान और भी अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

उत्तर प्रदेश और हरियाणा में बारिश के आसार
मौसम विभाग ने आज सुबह ट्वीट कर जानकारी देते हुए बताया कि अगले दो घंटों के दौरान हरियाणा के कुरुक्षेत्र और करनाल के अलावा उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, देवबंद, मुजफ्फरनगर और शामली के आसपास क्षेत्रों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने यूपी के मेरठ में भी बारिश की संभावना जताई थी।
इन राज्यों में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में 14 जनवरी तक हल्की/मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और विदर्भ में इस दौरान मध्य बारिश हो सकती है। वहीं अगले चार-पांच दिनों के दौरान पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल में भी भारी बारिश के आसार हैं।
राजधानी दिल्ली में आज सुबह विजिबिलिटी कम
राजधानी दिल्ली में आज सुबह कोहरा छाए रहने से विजिबिलिटी कम हुई। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
भारत के इन राज्यों में शीतलहर
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर के आसार हैं। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आएगी। 13 से 15 जनवरी के बीच पंजाब, उत्तरी राजस्थान, हरियाणा और चंडीगढ़ में अलग-अलग इलाकों में शीत लहर रह सकती है।


Next Story