- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- MP में बदला मौसम, 13...

भोपाल; मध्य प्रदेश में सर्दी के बीच बारिश की दस्तक ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में सक्रिय मौसमी प्रणालियों के कारण आसमान में बादलों का डेरा है। रविवार को जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कुछ जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 13 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान सतना, रीवा, मैहर, कटनी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा जबलपुर और सागर संभाग के अन्य जिलों में भी बादल छाए रह सकते हैं।
मध्य प्रदेश में इन दिनों रात के मुकाबले दिन में सर्दी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। आसमान में बादल छाए रहने से धूप कमजोर पड़ गई है। इसके चलते अधिकतम तापमान में गिरावट आई है, जबकि न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
रविवार रात शाजापुर जिले के गिरवर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बैतूल में 11.7 डिग्री और नौगांव में 13.2 डिग्री तापमान रहा। मरुखेड़ा, खरगोन और नरसिंहपुर में 13.4 डिग्री, ग्वालियर में 13.5 डिग्री, रतलाम में 14.2 डिग्री, भोपाल में 14.6 डिग्री और धार में 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में वर्तमान में तीन मौसमी प्रणालियों का प्रभाव बना हुआ है। पूर्वी मध्य प्रदेश में निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ के कारण आंधी-बारिश की स्थिति निर्मित हो रही है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम हिस्से में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम भी मौसम में बदलाव की वजह बना हुआ है।
कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर भी मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है। उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं और बादलों की मौजूदगी के कारण दिन के समय सर्दी बढ़ गई है। प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि मौजूदा मौसमी प्रणालियों के आगे बढ़ने के बाद तापमान में एक बार फिर गिरावट देखने को मिल सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से आगामी दिनों में मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में सर्दी और तेज होने की संभावना है।





