मध्य प्रदेश

Waterlogging से जनजीवन प्रभावित, हालात बिगड़े

Kanchan Paikara
5 July 2026 4:01 PM IST
Waterlogging से जनजीवन प्रभावित, हालात बिगड़े
x
Balaghat बालाघाट : बालाघाट। इस साल अलनीनो के प्रभाव के कारण प्री-मानसून गतिविधियां लगभग न के बराबर रहीं, जिससे जून महीने में भीषण गर्मी ने लोगों को काफी परेशान किया। आम जनता से लेकर किसान तक लंबे समय तक बारिश का इंतजार करते रहे। जुलाई की शुरुआत के साथ ही मानसून ने दस्तक दी, जिससे एक ओर राहत मिली तो दूसरी ओर कई जगहों पर भारी बारिश ने मुश्किलें भी बढ़ा दीं।
जिले में पिछले 48 घंटे से लगातार रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग के विशेषज्ञ धर्मेंद्र अगासे के अनुसार आने वाले 48 घंटे भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
लगातार बारिश के चलते बालाघाट में कई निचले इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। शहर के चित्रगुप्त नगर में करीब 2 फीट तक पानी भर गया है, जिससे लोगों को घरों में ही रहना पड़ रहा है। बूढ़ी और भटेरा क्षेत्र में भी जलभराव की स्थिति देखी गई है। वार्ड नंबर 1 से 4 तक के कई हिस्सों में पानी भरने से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश का पानी घरों के अंदर तक घुस गया है, जिससे न सिर्फ दैनिक कार्य प्रभावित हुए हैं बल्कि खाना बनाने और जरूरी कामकाज में भी कठिनाई हो रही है। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि हर साल बारिश में यही हालात बनते हैं लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता।
वहीं, नगर पालिका सीएमओ सूर्यकांत उके ने सफाई व्यवस्था पर सफाई देते हुए कहा कि समय पर नालों की सफाई की गई थी, लेकिन भारी मात्रा में प्लास्टिक और कचरा जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई। इसी वजह से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हुई है।
बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आ रही हैं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित है। कुछ इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की भी स्थिति बनी हुई है। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
Next Story