मध्य प्रदेश

हनुमान जी की मूर्ति को लेकर मचा बवाल SDM ने बताई वायरल दावे की सच्चाई

nidhi
10 Sept 2026 1:15 PM IST
हनुमान जी की मूर्ति को लेकर मचा बवाल SDM ने बताई वायरल दावे की सच्चाई
x
हनुमान जी की मूर्ति हटाने की खबर

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में प्राचीन खड़े हनुमान जी की प्रतिमा को हटाने को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे दावों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। एसडीएम एलएन गर्ग ने कहा कि प्रशासन की ओर से अभी तक प्रतिमा को हटाने या विस्थापित करने का कोई प्रयास नहीं किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित उन खबरों को भ्रामक बताया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि मशीनों और अन्य तरीकों से प्रतिमा हटाने के कई प्रयास किए गए लेकिन मूर्ति नहीं हिली।

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों से जुड़ा मामला
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहा से छत्री चौक की ओर सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसी क्षेत्र में स्थित खड़े हनुमान मंदिर भी परियोजना की जद में आया है। प्रतिमा को सुरक्षित तरीके से दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के बाद मामला श्रद्धालुओं और संत समाज के बीच संवेदनशील बन गया। इस बीच कई रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि भारी मशीनों के इस्तेमाल के बावजूद प्रतिमा को हिलाया नहीं जा सका। कुछ श्रद्धालुओं ने इसे आस्था और चमत्कार से भी जोड़ना शुरू कर दिया। हालांकि अब प्रशासन ने इन दावों पर आधिकारिक स्थिति सामने रखी है।
SDM बोले- मशीन या मानवीय तरीके से नहीं हुई कोशिश
एसडीएम एलएन गर्ग के मुताबिक सोशल मीडिया पर यह बात भ्रामक तरीके से प्रसारित की जा रही है कि प्रशासन प्रतिमा को विस्थापित करने के कई प्रयास कर चुका है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी मशीन या मानवीय युक्ति से प्रतिमा हटाने का प्रयास नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित पक्षों की भावनाओं और सहमति को ध्यान में रखे बिना प्रशासन कोई कदम नहीं उठाएगा। प्रतिमा की सुरक्षा के साथ उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
विशेषज्ञों की राय के बाद ही अगला कदम
प्रशासन के अनुसार प्रतिमा के संबंध में अब कोई भी कार्रवाई विशेषज्ञों की वैज्ञानिक और तकनीकी राय लेने के बाद ही होगी। इससे पहले नगर निगम द्वारा प्रतिमा को सुरक्षित स्थानांतरित करने के लिए IIT इंदौर से तकनीकी मदद लिए जाने की बात भी सामने आई थी।
मंदिर पहुंच रहे श्रद्धालु
विवाद के बीच मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। बुधवार को आह्वान अखाड़े के महामंडलेश्वर अतुलेशानंद महाराज समर्थकों और गुरुकुल के विद्यार्थियों के साथ मंदिर पहुंचे और हनुमान चालीसा का पाठ किया। संत समाज की ओर से भी प्रतिमा हटाने को लेकर विरोध जताया गया है। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि सभी पक्षों से संवाद और विशेषज्ञों की राय के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा। ऐसे में सोशल मीडिया पर चल रहे अलग-अलग दावों के बजाय प्रशासन की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की गई है।
Next Story