मध्य प्रदेश

विचाराधीन कैदी की उपचार के दौरान शासकीय अस्पताल में मौत

Admin2
22 Jun 2023 3:09 PM GMT
विचाराधीन कैदी की उपचार के दौरान शासकीय  अस्पताल में मौत
x

जबलपुर | केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध विचाराधीन कैदी की उपचार के दौरान शासकीय मेडिकल अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों ने जेल प्रशासन पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। कैदी की मौत के संबंध में न्यायिक जांच के आदेश जारी किए गए हैं।

आधारताल थानांतर्गत निवासी मोनू विश्वकर्मा (28) के खिलाफ अपराधिक प्रकरण में न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 18 जून को न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय जेल भेज दिया था। विचाराधीन कैदी को गत दिवस उपचार के लिए शासकीय मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया था। उपचार के दौरान गत शाम उसकी मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि जेल में प्रताड़ना तथा उपचार में लापरवाही के कारण मोनू की मौत हुई है।

उप जेल अधीक्षक मदन कमलेश ने बताया कि मोनू नशे का आदी था। जेल प्रवेश के दौरान उसकी तबीयत ठीक नहीं होने पर उसे जेल अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसे कैदी वार्ड में नहीं रखा गया था। तबीयत ठीक नहीं होने के कारण गत दिवस मेडिकल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मोनू 2018 से अभी तक चार बार जेल में आया है। जब से वह जेल में आया था उसे परिजन मिलने तक नहीं आए थे। मैंने स्वयं गत दिवस उसे अस्पताल में भर्ती किए जाने की सूचना परिजनों को दी थी, परंतु वे अस्पताल नहीं पहुंचे। युवक द्वारा नशे की हालत में घर पर हंगामा करने की शिकायत भी परिजनों द्वारा दर्ज करवाई गई है। मौत के कारणों के संबंध में न्यायिक जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

Next Story