मध्य प्रदेश

Ujjain: महाकाल की शरण में स्नेह राणा, भस्म आरती में शामिल

Admindelhi1
30 March 2026 3:35 PM IST
Ujjain: महाकाल की शरण में स्नेह राणा, भस्म आरती में शामिल
x

उज्जैन: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑल राउंडर खिलाड़ी स्नेह राणा सोमवार तड़के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रातःकालीन भस्म आरती में भाग लेकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।

सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचीं स्नेह राणा भक्ति में लीन नजर आईं। उन्होंने नंदी हॉल में करीब दो घंटे तक बैठकर भगवान शिव की आराधना की और भस्म आरती के दिव्य दृश्यों का श्रद्धापूर्वक दर्शन किया।

नंदी हॉल में साधना, चांदी द्वार से जलाभिषेक

भस्म आरती के बाद स्नेह राणा ने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान वे पूरी तरह शिव भक्ति में डूबी दिखाई दीं। जानकारी के अनुसार, वह अपने पारिवारिक मित्रों के साथ उज्जैन प्रवास पर आई थीं। मंदिर प्रशासन की ओर से उनका स्वागत और सम्मान भी किया गया। स्नेह राणा पहले भी कई बार बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आ चुकी हैं, जो उनकी गहरी आस्था को दर्शाता है।

“बाबा ने बुलाया, जीवन धन्य हुआ”

दर्शन के बाद स्नेह राणा ने भावुक होकर कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में आना उनके लिए सौभाग्य की बात है और यहां आकर उनका जीवन धन्य हो गया।

गौरतलब है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की यह स्टार ऑलराउंडर अपने खेल प्रदर्शन के साथ-साथ आध्यात्मिक आस्था के लिए भी जानी जाती हैं। हाल के वर्षों में कई क्रिकेटर और अन्य चर्चित हस्तियां भी महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शामिल होने पहुंचती रही हैं, जिससे इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

Next Story