मध्य प्रदेश

Ujjain: महाकाल की भक्ति में लीन दिखे Ravi Kishan

Admindelhi1
22 April 2026 11:50 AM IST
Ujjain: महाकाल की भक्ति में लीन दिखे Ravi Kishan
x
"उज्जैन में Ravi Kishan ने किए दर्शन"

उज्जैन: भोजपुरी और हिंदी सिनेमा के प्रसिद्ध अभिनेता एवं गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने बुधवार तड़के बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाई। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के पश्चात पहुंचे रवि किशन ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।

मंदिर पहुंचते ही उन्होंने नंदी हॉल में पूजा की और पारंपरिक मान्यता के अनुसार नंदी जी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद चांदी द्वार से गर्भगृह की चौखट पर माथा टेककर भगवान महाकाल के दर्शन किए और जल अर्पित कर श्रद्धापूर्वक जाप करते रहे। करीब 15 मिनट तक मंदिर परिसर में रहकर उन्होंने देश, प्रदेश और विशेष रूप से अपने संसदीय क्षेत्र गोरखपुर की खुशहाली और समृद्धि की प्रार्थना की।

दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा में रवि किशन ने स्वयं को सौभाग्यशाली बताया। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के चरणों में आने का हर अवसर जीवन को धन्य बना देता है। उन्होंने ‘देवतुल्य’ जनता के स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और देश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि महाकाल के आशीर्वाद से भारत निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहेगा। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से शाल और श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान भी किया गया।

भस्म आरती में सजा महाकाल का दिव्य स्वरूप: बुधवार तड़के संपन्न भस्म आरती में भगवान महाकाल का भव्य श्रृंगार किया गया। मंदिर के कपाट खुलने के बाद पुजारियों ने पंचामृत से अभिषेक कर भांग, चंदन, सिंदूर और आभूषणों से अलंकरण किया। शेषनाग का रजत मुकुट, मुण्डमाल और रुद्राक्ष की मालाओं से सुसज्जित स्वरूप ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भस्म अर्पण की परंपरा के साथ आरती सम्पन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। पूरे मंदिर परिसर में ‘जय महाकाल’ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

Next Story