मध्य प्रदेश

Ujjain: खोई बहनें पुलिस की मदद से मिलीं

Admindelhi1
5 Jan 2026 1:46 PM IST
Ujjain: खोई बहनें पुलिस की मदद से मिलीं
x

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में श्री महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ी दो बुजुर्ग बहनों को महाकाल थाना पुलिस ने रविवार को सुरक्षित तलाश कर परिजनों से मिलवाया।

महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि सावित्रीबाई पत्नी सोहनलाल 78 वर्ष निवासी बोड़ी कला, जिला सिवनी और उनकी बहन सुखवारा पत्नी मोहन डोंगरे 64 वर्ष निवासी बामनी लाला, जिला छिंदवाड़ा अपने परिवारजनों के साथ बोलेरो वाहन से महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आई थीं। दर्शन के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण दोनों बुजुर्ग महिलाएं अपने परिजनों से बिछड़ गईं। परिजनों से अलग होने के बाद दोनों बहनें हरसिद्धि चौराहे पर पहुंचीं, जहां उन्होंने डायल-112 एफआरवी में तैनात कांस्टेबल शुभम तिवारी और पायलट पंकज सोनी से मदद मांगी। पुलिस स्टाफ ने करीब एक घंटे तक महाकाल मंदिर क्षेत्र और आसपास की पार्किंग में वाहन व परिजनों की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

पुलिस ने परिजनों से किया संपर्क: इसके बाद मामले की सूचना थाना महाकाल को दी गई और दोनों बुजुर्ग महिलाओं को थाने लाया गया। जहां एएसआई चंद्रभान सिंह और टीम ने बुजुर्ग महिलाओं से उनके गांव, जिला और अन्य विवरण जुटाए। पुलिस ने संबंधित जिलों के थानों से संपर्क कर ग्राम सरपंच के माध्यम से परिजनों के मोबाइल नंबर प्राप्त किए और उनसे संपर्क स्थापित किया। इसके बाद दोनों बुजुर्ग महिला दर्शनार्थियों को भील समाज धर्मशाला पार्किंग में सुरक्षित रूप से उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

Next Story